हैलो गैंग में शामिल सपा नेता और जिला पंचायत सदस्य बनी सिंह राजपूत गिरफ्तार,
- फोटो : Agra Dehat
बाह। जैतपुर पुलिस ने रविवार को हेलो गैंग में शामिल रहे जिला पंचायत सदस्य एवं सपा नेता बनी सिंह राजपूत को गैंगस्टर में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पिछले साल 27 अगस्त को तड़हेता गांव में छापेमारी कर पुलिस और साइबर सेल की टीम ने ठगी करने वाले इस गैंग का खुलासाकर 13 लोगों को गिरफ्तार किया था। तब बनी सिंह समेत 5 लोग बीहड़ में कूदकर फरार हो गए थे।
तड़हेता गांव के बनी सिंह राजपूत वार्ड 50 से निर्दलीय चुनाव लड़कर जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित हुए थे। सपा के होर्डिंग और वाल पेंटिंग में भी दिखने वाले बनी सिंह को पुलिस हेलो गैंग शामिल बताती है।
पुलिस की मानें तो 27 अगस्त को छापेमारी कर कमलेश कुमार, प्रेमपाल सिंह, मान सिंह, खुशीलाल, आशीष, गौरव राजपूत, हुकुम सिंह, मनीष, घनश्याम, परमार, फौरन सिंह समेत 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। जबकि दौरान बनी सिंह राजपूत, ब्रजेश सिंह, नंद किशोर, सुनील, रामज्ञान बीहड़ में कूद कर भाग निकले थे। बनी सिंह राजपूत जमानत पर थे। पुलिस को उनकी गैंगस्टर एक्ट में तलाश थी।
एसओ जैतपुर योगेंद्र पाल सिंह ने बताया कि हेलो गैंग के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। उसी में बनी सिंह राजपूत को गिरफ्तार किया गया है।