पुलिस ने पकड़े सेना भर्ती में सेंधमारी के आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
सेना में भर्ती कराने के नाम पर अभ्यर्थियों से लाखों रुपये लेने वाले धौलपुर के सुरेंद्र की पुलिस को तलाश है। वह ताजगंज में पूर्व में पकड़े गए राकेश चौधरी गैंग का सदस्य हो सकता है। पुलिस ने दबिश दी है, लेकिन आरोपी फरार हो गया है। फर्जी दस्तावेजों से सेना में भर्ती होने की कोशिश करते पांच अभ्यर्थियों प्रवीण, राजेंद्र, विजय, योगेश और विशाल कुमार को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया था।
उन्होंने पूछताछ में एजेंट प्रवीण उर्फ पिस्सू निवासी पुरा कन्हेरा, थाना बाह का नाम लिया था। प्रवीण ने उनसे पांच लाख रुपये में भर्ती कराने का ठेका लिया था। पुलिस ने प्रवीण उर्फ पिस्सू को भी गिरफ्तार कर लिया। उसने बताया कि धौलपुर के राजाखेड़ा थाना क्षेत्र निवासी सुरेंद्र सिंह के लिए काम करता है।
संबंधित खबर: आगरा: पांच लाख रुपये में लिया था ठेका, सेना में फर्जी दस्तावेजों से भर्ती होने आए पांच और अभ्यर्थी गिरफ्तार
संबंधित खबर: सेना भर्ती: 25 और अभ्यर्थियों के दस्तावेज फर्जी होने का शक, मेडिकल के बाद रडार पर आए, जांच जारी
सुरेंद्र इस समय ताजगंज के शमसाबाद रोड स्थित विमल सिटी का रहने वाला है। अभ्यर्थियों को सुरेंद्र से मिलवाया था। अब पुलिस सुरेंद्र की तलाश कर रही है। वह घर से फरार हो गया है। पुलिस ने पिछले वर्ष जुलाई में सेना में फर्जी दस्तावेजों से भर्ती कराने की कोशिश करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया था। आरोपियों से पूछताछ में उस समय भी सुरेंद्र का नाम सामने आया था।
पुलिस का कहना है कि धौलपुर के जिस सुरेंद्र का नाम अब बताया गया है, वह राकेश के गैंग का ही सदस्य हो सकता है। इसके लिए पड़ताल की जा रही है। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि आरोपी सुरेंद्र की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। भर्ती में फर्जी दस्तावेज से भर्ती कराने वाले गैंग के सभी आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।