आनंद इंजीनियरिंग कॉलेज के मैदान पर चल रही सेना भर्ती में बुधवार को आए 25 और अभ्यर्थियों के दस्तावेज फर्जी होने का शक है। इस पर सैन्य कर्मचारी दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं। इसकी सूचना पुलिस को भी दी गई है। इनमें ज्यादातर फिजीकल और मेडिकल होने के बाद शक के दायरे में आए हैं।
बुधवार को गभाना के अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया चल रही थी। फिजिकल के दौरान 23 अभ्यर्थियों के दस्तावेज पर शक हुआ। इसी तरह मेडिकल में भी दो अभ्यर्थियों के दस्तावेजों को लेकर शक हुआ। इसके बाद अभ्यर्थियों से पूछताछ की गई। दस्तावेजों का सत्यापन कराया जा रहा है।
सेना भर्ती में 16 फरवरी को फर्जी दस्तावेजों से भर्ती होने आए 10 अभ्यर्थी पकड़े थे। कोविड-19 की फर्जी रिपोर्ट तैयार करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार किए थे। एक अभ्यर्थी नकली रिपोर्ट बनवाता पकड़ा गया था। 23 फरवरी को पांच अभ्यर्थी और पकड़े गए। वह फर्जी दस्तावेज की मदद से भर्ती होने आए थे। वहीं एक एजेंट भी पकड़ा गया था।
ये भी पढ़ें- आगरा: पांच लाख रुपये में लिया था ठेका, सेना में फर्जी दस्तावेजों से भर्ती होने आए पांच और अभ्यर्थी गिरफ्तार
एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि 25 और अभ्यर्थी शक के दायरे में आए हैं। उनके दस्तावेज फर्जी होने का शक है। इस पर जांच की जा रही है। अगर, दस्तावेज फर्जी निकलते हैं तो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। वहीं भर्ती कराने के नाम पर रुपये लेने वाले गैंग की गिरफ्तारी के लिए टीम लगातार कार्य कर रही है।
अब तक ये पकड़े गए
प्रवीण, राजेंद्र सिंह, विजय कुमार, योगेश अत्री, विशाल कुमार, प्रवीण उर्फ पिस्सू, लवकुश चौधरी, रोहित, जय प्रकाश, सनी, हितेश, सचिन, गौरव, विनीत, प्रदीप, कुलदीप तेवतिया फर्जी दस्तावेजों के साथ पकड़े गए। कोविड-19 की फर्जी जांच रिपोर्ट बनवाने वाले शिव कुमार और बनाने वाले सोनू खान, नवीन, फिरोज और मुनीर को गिरफ्तार किया था।