इन्हीं कर्मचारियों को बदमाशों ने लूटा
- फोटो : अमर उजाला
अलीगढ़ जिले में मथुरा के कारोबारी के दो कर्मचारियों से सशस्त्र बदमाशों ने 41 लाख रुपए से ज्यादा के जेवरात लूट लिए। दोनों कारीगर रोडवेज बस में सवार होकर अलीगढ़ जा रहे थे।
इगलास क्षेत्र के गांव श्यौरा के समीप तीन बाइक सवार छह सशस्त्र बदमाशों ने शुक्रवार को दोपहर करीब एक बजे रोडवेज बस को रोककर लूट की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद फरार हो गए।
घटना के संबंध में सराफ कारोबारी ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ थाना इगलास में रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं पुलिस दोनों कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है।
मथुरा के कारोबारी के थे जेवर
मथुरा के होली गेट निवासी सदानंद अग्रवाल की वैद्य जी ज्वैलर्स के नाम से आभूषणों की दुकान है। उनके यहां रवि सैनी उर्फ गोली निवासी माली मोहल्ला मथुरा व वृंदावन का राजू काम करते हैं।
दोनों युवक शुक्रवार दोपहर को मथुरा से रोडवेज बस से एक किलो 656.57 ग्राम सोने के आभूषण लेकर अलीगढ़ आ रहे थे। इन जेवरों की कीमत 41 लाख, 41 हजार 425 रुपये हैं। इन्हें अलीगढ़ के कुछ दुकानदारों को सप्लाई किया जाना था।
रास्ते में अलीगढ़-मथुरा रोड पर श्यौरा गांव के समीप दोपहर एक बजे तीन बाइकों पर सवार छह बदमाशों ने बस को हाथ देकर रोक लिया। इसके बाद अंदर आकर उन्होंने कुछ सवारियों के साथ मारपीट की।
बस से उतारकर कर्मचारियों को लूटा
बदमाशों ने दोनों युवकों को बस से नीचे उतारकर ड्राइवर को बस लेकर जाने को कह दिया। बदमाशों ने तमंचे की बट मारकर राजू को घायल कर दिया। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी।
बदमाशों ने आभूषणों भरा बैग व दोनों सेल्समैनों के पर्स लूट लिए। इसके बाद बदमाश गांव श्यौरा की ओर भाग गए। घटना की सूचना रवि ने अपने मोबाइल से सदानंद अग्रवाल को दी।
सराफ ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी और मौके पर पहुंचे। इस सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना पर एसपी देहात डॉ यशवीर सिंह, कोतवाल सुनील कुमार वर्मा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
घटना के संबंध में ज्वैलर्स ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस शक के आधार पर दोनों कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है।