सुरक्षा गार्ड को बाहर निकालते पुलिस अफसर
- फोटो : अमर उजाला
मैनपुरी जिले के जसराजपुर में चल रहे धम्म प्रवचन कार्यक्रम में बौद्ध धर्मगुरु दलाई लामा की सुरक्षा में बड़ी चूक हो गई। दूसरे दिन मंच पर एक सुरक्षा गार्ड पिस्टल लेकर पहुंच गया। इससे पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। पुलिस अफसरों ने सुरक्षा गार्ड को मंच से उतारा।
जिला प्रशासन ने तिब्बती बौद्ध धर्मगुरु दलाई लामा की सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं। पांच जगहों पर सुरक्षा चेकिंग के बाद ही किसी को पंडाल में प्रवेश दिया जा रहा है। इसके बावजूद मंगलवार को उनकी सुरक्षा में सेंध लग गई।
पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू व प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव मंगलवार को दलाई लामा के प्रवचन सुनने के लिए जसराजपुर पहुंचीं। आयोजकों ने अपर्णा यादव के बैठने की व्यवस्था मंच पर की थी।
उनकी सुरक्षा में तैनात सुरक्षा गार्ड देवेंद्र कुमार भी पिस्टल लेकर मंच पर चढ़ गया। एएसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को भेजकर सुरक्षा गार्ड को मंच से उतरवाया। एएसपी ने जब उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि उसे किसी ने रोका नहीं। वह तो अपर्णा यादव की सुरक्षा में तैनात है।
अपर पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि अपर्णा यादव की सुरक्षा में सुरक्षा मुख्यालय से एसआई देवेंद्र कुमार तैनात हैं। वह सरकारी पिस्टल के साथ मंच पर चढ़ गए थे। बाद में उन्हें मंच से उतार दिया गया था।