बाह। एफएसडीए की टीम ने स्वीटी सुपाड़ी में पत्थर की मिलावट की शिकायत पर बुधवार को बिजौली रोड स्थिति दुकान पहुंचकर नमूना लिया। रामजीलाल कौशल की दुकान से नमूना लेने के बाद टीम थोक विक्रेता गली पारासर निवासी सचिन गुप्ता के यहां पहुंची। टीम को छह माह के अभिलेख और लाइसेंस आदि नहीं दिखा पाने और मिलावट की आशंका पर तीन लाख कीमत की 450 किलोग्राम सुपाड़ी जब्त कर ली गई है।
एफएसडीए की कार्रवाई की जानकारी होने पर बाजार में हड़कंप की स्थिति रही। इसके बाद टीम ने प्राथमिक स्कूल नरहौली, उच्च प्राथमिक स्कूल जरार में एमडीएम में बने चावल और सब्जी के नमूने भी जांच के लिए भरे। खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसके पांडेय ने बताया कि स्वीटी सुपाड़ी में पत्थर की मिलावट की शिकायत पर कार्रवाई की गई है।