उत्तर प्रदेश सरकार हर साल उन ग्राम पंचायतों को प्रोत्साहन पुरस्कार देती है, जिन ग्राम पंचायतों की ओर से बेहतर कार्य किया जाता है। इस बार पुरस्कार योजना की दौड़ में कासगंज की 32 ग्राम पंचायतें हैं। अब इन पंचायतों में से पांच पंचायतों का चयन करके राज्य समिति के लिए भेजा जाएगा।
शासन से ग्राम पंचायतों में होने वाले विकास कार्यों के लिए काफी धन दिया जाता है। इस धन से अच्छे कार्य करने वाली पंचायतों को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री पंचायत पुरस्कार योजना का संचालन किया जा रहा है। इस योजना के तहत वर्ष 2021-22 में अच्छा कार्य करने वाली पंचायतों को पुरस्कृत करने के लिए आवेदन मांगे गए। पंचायतों को पोर्टल पर 9 क्षेत्रों के 50 प्रश्न हल करने थे। जिला की 423 ग्राम पंचायतों में से 32 ग्राम पंचायतों ने ही इसके लिए अपने आवेदन किए।
30 सितंबर तक ग्राम पंचायतों का सत्यापन जिला स्तरीय समिति करेगी। दो अक्टूबर तक जिले में सर्वाधिक अंक पाने वाली पांच ग्राम पंचायतों के अभिलेख समेत समिति की संस्तुति रिपोर्ट को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। 25 अक्टूबर तक राज्य कमेटी की ओर से चयनित ग्राम पंचायतों का प्रस्ताव कृषि उत्पादन आयुक्त को भेजा जाएगा। नवंबर में ग्राम पंचायतों का पुरस्कार व सम्मान समरोह होगा।
जिला स्तरीय कमेटी में डीएम अध्यक्ष, सीडीओ उपाध्यक्ष, डीपीआरओ सदस्य सचिव, सीएमओ, डीडीओ, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी व अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत सदस्य होंगे। यही समिति आवेदन करने वाली ग्राम पंचायतों में से पांच ग्राम पंचायतों का चयन करेगी।
इस तरह से होगा अंकों का विभाजन
गरीबी मुक्त गांव 10 अंक, स्वस्थ्य गांव 10 अंक, बाल मैत्री गांव 10 अंक, पर्याप्त जल युक्त गांव 10 अंक, स्वच्छ एवं हरित गांव 10 अंक, आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचे वाला गांव 10 अंक, सामाजिक रूप से सुरक्षित गांव 10 अंक, सुशासन वाला गांव 20 अंक, महिला हितैषी गांव 10 अंक।
राज्य समिति को भेजी जाएगी रिपोर्ट
जिला पंचायत राज अधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री पुरस्कार योजना के लिए आवदेन करने वाली ग्राम पंचायतों से पांच ग्राम पंचायतों को पुरस्कार दिया जाएगा। समिति सबसे अधिक अंक पाने वाली पंचायतों को चयनित करके राज्य समिति को भेजेगी।