फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जांच का संकट: आरटीपीसीआर सैंपलिंग किट खत्म, 28 केंद्रों पर नमूने लेना बंद

Sat, 01 May 2021 11:14 AM IST
Abhishek Saxena न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आगरा

सार

शहर में 17 और देहात में 15 जांच केंद्र हैं। जहां शुक्रवार को कोरोनो की जांच नहीं होने से मरीजों को मायूस लौटना पड़ा। सुबह 8 बजे से अपराह्न तीन बजे तक जिला अस्पताल के सहयोग से सांई की तकिया स्थित सेवा योजन कार्यालय में संचालित जिलास्तरीय केंद्र बंद रहा। इसके अलावा आईएसबीटी बस स्टैंड पर प्रवासियों की जांचें नहीं हो सकीं।
विज्ञापन
जिला कोविड जांच केंद्र पर चस्पा किया नोटिस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कोरोना जांच के लिए एंटीजन और आरटीपीसीआर सैंपलिंग किट खत्म होने से शुक्रवार को शहर से देहात तक 28 केंद्रों पर जांच नहीं हो सकी। शहर में 17 केंद्रों पर ताले लटके रहे। सांई की तकिया स्थित सबसे बड़ा कोविड जांच केंद्र बंद रहा। यहां सैंपिलंग किट खत्म होने का नोटिस चस्पा करना पड़ा।
विज्ञापन


शहर में 17 और देहात में 15 जांच केंद्र हैं। जहां शुक्रवार को कोरोनो की जांच नहीं होने से मरीजों को मायूस लौटना पड़ा। सुबह 8 बजे से अपराह्न तीन बजे तक जिला अस्पताल के सहयोग से सांई की तकिया स्थित सेवा योजन कार्यालय में संचालित जिलास्तरीय केंद्र बंद रहा। इसके अलावा आईएसबीटी बस स्टैंड पर प्रवासियों की जांचें नहीं हो सकीं। लोहामंडी, मंटोला, जीवनी मंडी, नाई की मंडी, बल्केश्वर, बिंदु कटरा स्वास्थ केन्द्र पर भी शुक्रवार को एक भी सैंपल नहीं लिया जा सका।

देहात में भेजी शहर से जांच किट
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश चंद पांडेय ने बताया कि दो दिन पहले आयोग ने मतगणना में शामिल होने के लिए 72 घंटे पहले प्रत्याशियों व एजेंट की कोविड जांच के निर्देश दिए थे। इसके लिए शहरी केंद्रों से सैंपलिंग किट देहात में भेज दी गई। वहां एक-एक केंद्र पर 800 से 1000 लोग जांच के लिए पहुंचे। जिस कारण शहर में जांचें नहीं हो सकीं हैं। 
विज्ञापन

20 हजार सैंपलिंग किट की मांग
जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने बताया कि हमें हर दो दिन में 20 हजार सैंपलिंग किट शासन से मिलती हैं। जिनमें 10 हजार एंटीजन और 10 हजार आरटीपीसीआर सैंपल किट होती हैं। शुक्रवार को किट की कमी के कारण जांचें नहीं हो पाई हैं। शासन को मांग भेजी है। शनिवार से पुन: जांच शुरू की जाएंगी।

कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग में नहीं होगी रुकावट
सीएमओ डॉ. आरसी पांडेय के मुताबिक नए मरीजों की कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग में सैंपलिंग किट खत्म होने से रुकावट नहीं आएगी। आमजन की जांच प्रभावित होंगी। कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग के लिए पांच हजार किट रिजर्व हैं। 

अछनेरा, बरौली अहीर में मारामारी
देहात के 15 जांच केंद्रों पर कोविड टेस्ट के लिए हुजुम उमड़ा। बरौली अहीर केंद्र पर जांच नहीं होने पर लोगों ने हंगामा किया। अछनेरा, अकोला, खेरागढ़, पिनाहट, एत्मादपुर, खंदौली समेत 28 केन्द्रों पर शुक्रवार को कोरोना की जांच नहीं हो सकीं।
 
विज्ञापन

तीन दिन से आ रहा बुखार
तीन दिन से मेरी मां को बुखार आ रहा है। कहीं जांच नहीं हो रहीं। जिला अस्पताल लाया था यहां ताला लटका है। - प्रमोद शर्मा, शाहगंज

1000 रुपये में एंटीजन जांच
पत्नी में कोविड लक्षण हैं। निजी पैथोलॉजी से 1000 रुपये में एंटीजन टेस्ट हुआ है। कोई लिखित रिपोर्ट भी नहीं दी गई। - राकेश गुप्ता, आलोक नगर

तीन दिन बाद लगेंगे टीके, केंद्रों पर लटके ताले
एक तरफ कोरोना की जांच नहीं हो सकीं, दूसरी तरफ टीकाकरण केंद्रों पर भी शुक्रवार को ताले लटके रहे। टीका लगवाने पहुंचे लोग मायूस लौटे। इधर, एक मई से होने वाला 18 साल से अधिक उम्र के लोगों का टीकाकरण भी तीन दिन बाद 4 मई से शुरू होगा। टीकाकरण के लिए प्रशासन को नई खेप का इंतजार है।

विभव नगर स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर शुक्रवार को ताला लटका रहा। यहां एक भी टीका नहीं लगा। शनिवार से सोमवार तक तीन दिन का सप्ताहांत कर्फ्यू रहेगा। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने बताया कि जिन लोगों ने पंजीकरण करा लिया है वह परेशान न हों। मंगलवार से उन्हें टीके लगाए जाएगा। मोबाइल पर मैसेज में जो स्थान निश्चित है वहीं टीके लगाए जाएंगे। टीकों की नई खेप शासन से दो दिन में आगरा पहुंच सकती है। आकस्मिक स्थिति में रिजर्व कोटा से टीका लगाने की व्यवस्था है।

आगरा: सात कंटेनमेंट जोन में पूर्ण प्रतिबंध, संक्रमण की चेन तोड़ने को विशेष सेनिटाइजेशन अभियान
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें