अस्पताल के गेट पर चस्पा ऑक्सीजन खत्म होने का नोटिस
- फोटो : अमर उजाला
मरीज नहीं भर्ती करने पर आगरा के जिन 20 अस्पतालों को कोविड सेंटर की सूची से बाहर किया, उनमें बुधवार को ऑक्सीजन के लिए हाहाकार मचा रहा। वेंडर ने ऑक्सीजन सिलिंडर नहीं भेजे। आपूर्ति ठप होने से परेशान मरीजों के तीमारदारों ने डीएम से गुहार लगाई। डीएम ने आगामी एक सप्ताह तक इन अस्पतालों में आपूर्ति सुचारू रखने को कहा है। साथ ही चेतावनी दी है कि आपूर्ति रोकने पर वेंडर के विरुद्ध एफआईआर कराई जाएगी।
जिले में 46 कोविड सेंटर हैं। जिनमें 20 कोविड अस्पतालों के विरुद्ध मंगलवार को डीएम प्रभु एन सिंह ने कार्रवाई करते हुए उन्हें कोविड सूची से हटा दिया है। एक मई से इनमें नए मरीज भर्ती नहीं होंगे, परंतु जो मरीज भर्ती हैं उनके ठीक होने तक उपचार करना होगा। सूची से हटाए खुशी हॉस्पिटल, बीएम हॉस्पिटल, शेखर हॉस्पिटल, प्राइम नर्सिंग होम, आगरा मेडिकल केयर एंड रिसर्च सेंटर, ऑर्थो स्पाइन इंजरी एंड ट्रोमा सेंटर, चौहान हॉस्पिटल समेत 20 अस्पतालों में बुधवार को ऑक्सीजन आपूर्ति नहीं होने से 170 से अधिक संक्रमितों की जान पर बन आई।
12 घंटे से अधिक समय तक ऑक्सीजन आपूर्ति नहीं होने से तड़पते मरीजों के तीमारदारों ने डीएम से शिकायत की। डीएम ने सभी ऑक्सीजन वेंडर को नोटिस जारी करते हुए निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा, जो वेंडर ऑक्सीजन आपूर्ति रोकेगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।