महासभा के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि तहरीर के आधार पर 24 घंटे में मुकद्दमा दर्ज नहीं हुआ तो सड़क पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा। तहरीर देने के बाद संजय पैलेस में स्पीड कलर लेब के सामने सपा सांसद का पुतला फूंका। महासभा पदाधिकारियों ने कहा कि सपा सांसद के बयान से करोड़ों हिंदुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। महासभा की महिला अध्यक्ष मीरा राठौर ने कहा जो राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन की जीभ काटेगा उसे एक लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। साथ ही हिंदू महासभा ने सपा सांसद के डीएनए टेस्ट की मांग भी की।
राणा सांगा पर राज्यसभा में ये कहा
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व सांसद रामजी लाल सुमन के शुक्रवार को राज्यसभा में राणा सांगा को गद्दार कहने पर हंगामा हो गया। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोगों का तकिया कलाम हो गया है कि मुसलमानों में बाबर का डीएनए है। आखिर, बाबर को लाया कौन। इब्राहिम लोधी को हराने के लिए बाबर को राणा सांगा हिंदुस्तान में लाया था। अगर मुसलमान बाबर की औलाद हैं तो फिर तुम गद्दार राणा सांगा की औलाद हो। सुमन शुक्रवार को राज्यसभा में गृह मंत्रालय के कामकाज की समीक्षा पर बोल रहे थे।
ये भी पढ़ें-
UP: युवक की पहले हत्या...फिर इसलिए डाल दिए घाव के अंदर जिंदा कारतूस, जानकर चकरा गई पुलिस; ऐसे खुला राज
सपा सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री और गृहमंत्री का काम देश में सामाजिक और धार्मिक सौहार्द कायम रखना है। यह देश एक घर है। इस घर में किसी प्रकार का तनाव न हो, यह गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी है। दुर्भाग्यपूर्ण है कि हाल ही में होली पर मुसलमानों की तरफ से एक स्वर नहीं निकला, इसके बावजूद गलत बयानबाजी की गई। यूपी और बिहार के दो विधायकों ने कहा, मुसलमानों को अपने घर में होली पर कैद हो जाना चाहिए। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में कभी होली पर कार्यक्रम नहीं होता था। वहां जबरिया समारोह का प्रयास किया गया। स्थानीय जनप्रतिनिधि ने कहा, जो इस कार्यक्रम का विरोध करेगा, उसे ऊपर पहुंचा दिया जाएगा। हमारे देश में कानून का राज है या जंगल का। ऐसी बातें करने वाले लोगों का केंद्र व राज्य सरकार कभी विरोध नहीं करती। इसका मतलब है कि सरकार ऐसे लोगों का समर्थन करती है। राष्ट्रीय आंदोलन में हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सभी ने एक झंडे के नीचे लड़ाई लड़ी। हिंदुस्तान के मुसलमानों का आदर्श कभी बाबर नहीं हो सकता। मुसलमानों के आदर्श तो मोहम्मद साहब और सूफी संतों की परंपरा है।