खंदौली। घूमंतू पशुओं के उत्पात से बर्बाद हो रही खेती से परेशान खेरिया गांव के किसानों ने शनिवार को पशुओं को हांककर सरकारी स्कूल परिसर में बंद कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस के समझाने के बाद भी ग्रामीण नहीं मानें। बाद में एसडीएम के निर्देश पर पशुओं को गोशाला पहुंचाया गया।
खेरिया गांव के किसानों ने बताया कि इस समय आलू की फसल तैयार है। पर, घुमंतू पशु चरने के साथ रौंदकर फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। दिन-रात रखवाली के बाद भी फसलों को बचाना मुश्किल हुआ है। इस पर शनिवार को किसानों ने फसलें चर रहे पशुओं को हांककर गांव के सरकारी स्कूल में पहुंचाया और गेट का ताला बंद कर लिया। गांववाले इन पशुओं को गोशाला भेजने की मांग कर रहे थे। सूचना पर पुलिस भी पहुंची थी।
जानकारी होने पर एसडीएम एत्मादपुर अंजनी कुमार ने पशु चिकित्सा अधिकारी अमित पाल सिंह को टीम के साथ मौके पर भेजा और पशुओं को गोशाला पहुंचाने का निर्देश दिए। पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि पशुओं को नरायच स्थित कान्हा गोशाला भेजा है।