कासगंज। सहकारी समिति दरियावगंज पर खाद न मिलने से आक्रोशित किसान ने पॉस मशीन को तोड़ दिया। सहकारी समिति के सचिव की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मंगलवार की शाम किसान ओमेंद्र निवासी नगला जैली पटियाली खाद लेने के लिए क्षेत्रीय सहकारी समिति दरियावगंज पहुंचा। जहां उसने सचिव से खाद देने के लिए कहा। सचिव महीपाल सिंह ने कहा कि अभी तक जितनी खाद मशीन में चढ़ गई हैं, पहले उसका वितरण किया जाएगा। सचिव ने ओमेंद्र ने अगले दिन आने के लिए कहा। इस पर किसान आक्रोशित हो गया और उसने चार्जिंग में लगी ई पॉस मशीन को दीवार में मारकर तोड़ दिया। उसके द्वारा वहां कार्य कर रहे कर्मियों से भी अभद्रता की गई। सूचना पर पुलिस के पहुंचने से पूर्व ही आरोपी मौके से भाग गया। सचिव ने आरोपी ओमेंद्र के खिलाफ मशीन तोड़ने एवं सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।