आगरा। खंदारी स्थित बापूनगर में पार्क की घेराबंदी किए जाने के विरोध में रविवार को सैकड़ों क्षेत्रीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय लोगों ने समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सदस्य रामजी लाल सुमन के आवास पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सरकारी तंत्र की मिलीभगत से जमीन पर अवैध कब्जा कराने के गंभीर आरोप लगाए।
क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि बापूनगर पार्क में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की मूर्तियां स्थापित हैं। यह स्थल वर्षों से जनभावनाओं का केंद्र रहा है। निवासियों का आरोप है कि कुछ भू-माफिया पुलिस-प्रशासन के साथ सांठगांठ कर पार्क के चारों ओर बाउंड्री वॉल खड़ी कर रहे हैं, जिससे महापुरुषों के मूर्ति स्थल का अस्तित्व खतरे में है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सांसद रामजी लाल सुमन ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि सार्वजनिक और ऐतिहासिक महत्व के स्थलों के साथ कोई खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। वे इस प्रकरण की उच्च स्तरीय प्रशासनिक जांच करवाएंगे और कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।