शहर की पुलिस की नाकामी पर शुक्रवार को अधिवक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। अधिवक्ता ओमवीर सिंह चाहर पर कचहरी में पुलिस के सामने हुए जानलेवा हमले के आरोपी न पकड़े जाने से आक्रोशित अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य नहीं किया। दोपहर को एमजी रोड पर जाम लगाया। हमलावरों के पकड़े जाने तक नो वर्क का एलान किया। पुलिस अफसरों को चेतावनी दी कि अगर 48 घंटे के भीतर हमलावर नहीं पकड़े गए तो सोमवार को एसएसपी दफ्तर का घेराव किया जाएगा। इसके बाद आगे की रणनीति बनेगी।
ओमवीर सिंह चाहर पर हमला 24 अगस्त की शाम को हुआ था। पांच लोग नामजद कराए गए, लेकिन तीन दिन में पुलिस एक भी आरोपी को नहीं पकड़ पाई। अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को नो वर्क पर रहने का पहले ही एलान कर दिया था। इसकेे बावजूद पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए कोई तेजी नहीं दिखाई। इसके चलते अधिवक्ताओं का गुस्सा और भड़क गया। दीवानी कचहरी में अधिवक्ताओं की कई मीटिंग की गईं।
इनमें पुलिस की नाकामी पर गुस्सा जाहिर किया गया। इसके बाद दोपहर को एमजी रोड पर जाम लगाया। मीटिंग में अधिवक्ताओं ने दो मांग प्रमुखता से रखीं। एक तो हमलावर गिरफ्तार किए जाएं, दूसरा कचहरी की सुरक्षा मजबूत की जाए। यूपी उच्च न्यायालय खंडपीठ स्थापना जनमंच, आगरा बार एसोसिएशन, अधिवक्ता सहयोग समिति, सेंट्रल बार एसोसिएशन, ग्रेटर आगरा बार एसोसिएशन के पदाधिकारी मीटिंग में मौजूद रहे।
दबिश में भी ढिलाई
ओमवीर सिंह चाहर पर हुए हमले के मामले में पुलिस दबिश देने में भी ढिलाई बरत रही है। इसी का नतीजा है कि आरोपियों का पकड़ा जाना तो दूर कोई सुराग तक नहीं मिल रहा।
मेटल डिटेक्टर मशीन लगाई
वकीलों का गुस्सा शांत करने के लिए पुलिस ने कचहरी में फिर से गेट नंबर एक और दो पर मेटल डिटेक्टर मशीन लगा दी हैं। बता दें, ऐसी आठ मशीनें काफी समय पहले लगाई गई थीं लेकिन बाद में हटा लिया गया था।