बेवर। गांव बंजरिया में बुधवार की सुबह एक वृद्ध संदिग्ध परिस्थिति में गोली लगने से घायल हो गया। परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया, वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन परिजन किसी निजी चिकित्सक के यहां ले गए। थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
थाना क्षेत्र के गांव बंजरिया निवासी ज्ञान सिंह बुधवार की सुबह संदिग्ध परिस्थिति में गोली लगने से घायल हो गए। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार करने के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। इस बीच सूचना पर पहुंची पुलिस ने जानकारी जुटाई।
वहीं परिजन इलाज की बात कहते हुए किसी निजी चिकित्सक के यहां ले गए। जानकारी मिली है कि दोनों पक्ष एक ही परिवार के हैं, कुछ दिन पहले हुए विवाद में एक पक्ष की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया था। अब दूसरे पक्ष का व्यक्ति गोली लगने से घायल हुआ है। थानाध्यक्ष सुरेश चंद्र शर्मा ने बताया कि घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। जांच की जा रही है, तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञान सिंह और सत्यपाल सिंह भाई हैं। दोनों के बीच खेत की मेड़ को लेकर विवाद चला आ रहा है। 14 नवंबर को दोनों पक्ष के बीच हुए विवाद सत्यपाल पक्ष की ओर से मामला दर्ज कराया गया था। इसमें ज्ञानसिंह के पुत्र कल्लू को नामजद किया गया था। 18 नवंबर को कल्लू को गिरफ्तार कर पुलिस ने न्यायालय में पेश किया था।