पुलिस लाइन में आयोजित हुई गणतंत्र दिवस की परेड कार्यक्रम में गत 26 जनवरी को तिरंगा यात्रा के विवाद में मौत का शिकार हुए अभिषेक गुप्ता उर्फ चंदन के परिवार को सम्मानित किया गया। चंदन के पिता सुशील गुप्ता को जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश पासी ने स्मृति चिह्न दिया और चंदन की शहादत पर श्रद्धांजलि वयक्त की। जिलाधिकारी आरपी सिंह ने भी श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान प्रभारी मंत्री एवं जिलाधिकारी ने चंदन के परिवार की मांग को देखते हुए चंदन चौक की स्थापना के बारे में घोषणा की। प्रभारी मंत्री ने कहा कि चंदन चौक के संबंध में एक समिति गठित की जाएगी। यह समिति तय करेगी कि चंदन चौक कहां बनाया जाए। पिता सुशील गुप्ता एवं भाई विवेक गुप्ता ने प्रभारी मंत्री और प्रशासन की घोषणा पर संतोष जताया है।
गणतंत्र दिवस पर शहर में रही कड़ी चौकसी
गणतंत्र दिवस पर शहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। बाजारों में आरएएफ, पीएसी और पुलिसबल का साया बना रहा। जिलाधिकारी आरपी सिंह, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार शुक्ल सहित मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, एटा एवं अन्य जनपदों से आए पुलिस अधिकारी नगर में सुरक्षा की कमान संभाले रहे। पूरे दिन हूटर बजाती गाडिय़ां दौड़ती रहीं।
शहर में गणतंत्र दिवस के परंपरागत आयोजन ही हो सके। पुलिस लाइन के अलावा स्कूल, कॉलेजों में गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम आयोजित हुए। तमाम आशंकाओं के चलते अभिभावकों ने कम संख्या में ही बच्चों को स्कूल भेजा। नगर में प्रशासन की ओर से निकाली जाने वाली प्रभातफेरी निकाली गईं। वहीं सरस्वती शिशु मंदिर की परंपरागत परेड भी निकाली गई। पूरे दिन शहर में सुरक्षा का कड़ा साया रहा।