बाह। खेड़ा राठौर के पुरा जोमर्द गांव में 25 दिसंबर को ससुराल आए फतेहाबाद के जरारी गांव के रामबरन को गोली मारे जाने की वारदात हुई थी। अस्पताल से छुट्टी कराकर थाने पहुंचे घायल रामबरन ने पत्नी अनीता, सास हेमा, ससुर भूरे, साले मोनू के खिलाफ हत्या की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।
फतेहाबाद के जरारी गांव के रामबरन ने पुलिस को बताया कि वह 25 दिसंबर को पत्नी अनीता को विदा कराने के लिए ससुराल पुरा जोमर्द आया था। पत्नी को विदा करने के लिए कहने पर ससुरालवालों से विवाद हो गया था। आरोप है कि कहासुनी के दौरान ससुरालवालों ने उसकी पिटाई कर दी। जान लेने की नीयत गोली भी मारी थी। गोली उसके पैर में लगी। चीख-पुकार और फायर की आवाज पर आसपास के लोग जुट गए तो ससुराल के लोग भाग निकले। मौके पर पहुंची खेड़ा राठौर पुलिस ने घायल को एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। एसओ खेड़ा राठौर ने बताया कि रामबरन की तहरीर पर सास हेमा, ससुर भूरे, साले मोनू, पत्नी अनीता के खिलाफ हत्या की कोशिश की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।