एनएसयूआई ने सांसद के हिंदी ज्ञान पर उठाया सवाल
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
एनएसयूआई के नेताओं ने पूर्व मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री और सांसद प्रो. रामशंकर कठेरिया के हिंदी ज्ञान पर सवाल उठाया है। इसके लिए आधार बनाया गया है कठेरिया के चार सितंबर को किए गए ट्वीट को। इसमें कठेरिया ने आगरा में इंटरनेशनल एयरपोर्ट की मंजूरी के बारे में लिखा था। एनएसयूआई का कहना है कि इसमें कठेरिया ने इंटरनेशनल और मंत्रालय जैसे आसान शब्द लिखने में भी त्रुटि की है। एनएसयूआई ने इन त्रुटियों को रेखांकित कर सोशल मीडिया के तमाम प्लेटफार्म पर शेयर किया है।
एनएसयूआई के राष्ट्रीय महासचिव अमित सिंह ने त्रुटिपूर्ण लिखे गए शब्दों को मार्क कर टिप्पणी भी की है। उन्होंने लिखा है ‘ये हैं भारत सरकार के पूर्व एचआरडी मंत्री, आगरा विश्वविद्यालय के हिंदी के प्रोफेसर, पर नहीं लिख पाते मातृभाषा।’ अमित सिंह ने सांसद का ट्वीट सोशल मीडिया के सभी प्लेटफार्म पर डाला है। इसमें पर तमाम लोग टिप्पणी कर रहे हैं। बता दें कि अमित सिंह ने सांसद रामशंकर कठेरिया के खिलाफ लंबे समय से मोर्चा खोल रखा है। कभी डा. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के खंदारी कैंपस स्थित आवास पर अवैध कब्जे का आरोप लगाया तो कभी शैक्षणिक दस्तावेज को फर्जी बताया। इन दोनों के समर्थक आपस में भिड़ भी चुके हैं। उधर, इस पर कठेरिया के प्रवक्ता शरद चौहान ने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। सांसद केरल में है।