आगरा में स्कूल और कार्यालयों के खुलने-बंद होने के समय एमजी रोड समेत प्रमुख मार्गों पर भीषण जाम से लोग परेशान रहे। भगवान टॉकीज चौराहे पर एक एंबुलेंस करीब 15 मिनट तक फंसी रही, जबकि गड्ढे, बैरिकेडिंग और अतिक्रमण ने कई जगह यातायात प्रभावित किया।
स्कूल और कार्यालय खुलने-बंद होने के समय एमजी रोड सहित कई प्रमुख मार्गों पर सोमवार को भीषण जाम लगा। शाम को भगवान टॉकीज चौराहे पर जाम में एक एंबुलेंस करीब 15 मिनट तक फंसी रही। मरीज के परिजन इससे परेशान हुए।
विज्ञापन
यातायात पुलिस के प्रयासों के बावजूद वाहनों की आवाजाही बहुत धीमी गति से हुई, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर करीब 12:30 बजे स्कूलों की छुट्टी के बाद एमजी रोड पर जगह-जगह जाम की स्थिति बन गई। भगवान टॉकीज चौराहे से दीवानी तक पार करना मुश्किल हो गया। रावली से धौलपुर हाउस तिराहे के पास लोगों को निकलने में 15 मिनट से अधिक का समय लगा।
कार चालकों को संकरे रास्तों से निकलने के लिए घूम कर जाना पड़ा। स्कूल छूटने के समय इन रास्तों से निकलना बेहद मुश्किल रहा। एमजी रोड पर वाहनों की अधिकता ने भी जाम को और बढ़ाया। यातायात की धीमी गति के कारण शहर के कई हिस्सों में लोग दिन भर जूझते रहे। दिल्ली गेट पर सीएम ग्रिड के कार्य के कारण आरबीएस चौराहे पर भी दिन भर जाम के हालात बने रहे।
विज्ञापन
सूरसदन से स्पीड कलर लैब चौराहे तक सड़क में गड्ढों के कारण वाहनों का चलना मुश्किल रहा। हरीपर्वत चौराहे पर भी सड़क में गड्ढा है। मेट्रो की बैरिकेडिंग के कारण यहां रास्ता संकरा हो गया है। दिल्ली हाईवे पर अबुल उलाह दरगाह की ओर जाने वाली सर्विस रोड पर बैरिकेडिंग लगी है। चौराहे के आसपास अतिक्रमण को भी जाम लगने का एक बड़ा कारण माना जा रहा है।