डिप्टी CM का काफिला निकालने को चक्कर में फंसी एंबुलेंस
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आगरा कैंट स्टेशन रोड पर बुधवार को डिप्टी सीएम के काफिले को निकालने के लिए यातायात रोका गया था। मरीज ले जा रही एंबुलेंस इसमें फंस गई। परिजन ने पुलिसकर्मियों से एंबुलेंस को निकालने की गुहार लगाई, लेकिन वे नहीं पसीजे। परिवार की एक महिला के विरोध के बाद लोगों ने हंगामा किया तो काफी देर बाद एंबुलेंस को रास्ता दिया गया।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को आगरा पहुंचे थे। खेरिया एयरपोर्ट से उनका काफिला फतेहाबाद रोड की ओर जाना था। इसके लिए दोपहर 2:25 बजे पुलिस ने कैंट स्टेशन रोड पर टैंक चौराहे से यातायात रोक दिया गया। इसी बीच नामनेर की ओर से एक एंबुलेंस मरीज को लेकर वहां आ गई। पुलिसकर्मी चाहते तो रास्ता देकर एंबुलेंस को जाने दे सकते थे पर वीआईपी सेवा में संवेदनाएं खत्म हो गईं।
मरीज की हालत देखकर परिवार की एक महिला ने पुलिसकर्मियों से एंबुलेंस को निकालने की गुहार लगाई। आकस्मिक सेवा पर मुख्यमंत्री और राज्यपाल तक का काफिला रोककर एंबुलेंस को रास्ता दिए जाने के कानून का हवाला दिया पर पुलिसकर्मी नहीं पसीजे। उन्होंने महिला को ही दबाव में लेने का प्रयास शुरू कर दिया। महिला की ओर से राहगीरों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। करीब आधे घंटे बाद एंबुलेंस को जाने दिया गया। परिजन का कहना था कि इतनी देर में अगर मरीज की तबीयत ज्यादा खराब हो जाती तो कौन जिम्मेदार होता।