आगरा के बोदला-बिचपुरी मार्ग पर एंबुलेंस की टक्कर लगने से ऑटो के परखच्चे उड़ गए। उसमें सवार चालक, उसकी पत्नी और तीन बच्चे 20 मीटर घिसटने के बाद दूरराज गिरे। वहां से गुजर रहे वाहन चालकों की दृश्य देखकर रूह कांप उठी, लेकिन जिस एंबुलेंस से हादसा हुआ, उसका चालक लोगों की जान बचाने की बजाय वहां से भाग निकला। हालांकि दुर्घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
बिचपुरी निवासी लाल सिंह चौधरी ने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायल मां और दो बच्चे सड़क पर तड़प रहे थे। पिता-पुत्र खून से लथपथ थे। एंबुलेंस सरकारी थी, लेकिन एंबुलेंस चालक ने जिम्मेदारी नहीं निभाई। वह घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचा सकता था। वो एंबुलेंस को लेकर मौके से चला गया। लोगों ने मामले की जांच कर चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। गिरीश अग्रवाल, महावीर प्रधान, चंद्रशेखर, केदार सिंह, चरन सिंह और बहादुर प्रधान समेत कई लोगों ने भी चालक के रवैये पर सवाल उठाए हैं।
हादसे का सीसीटीवी
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
चालक को हटाया, हादसे की जांच करेगी कमेटी
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि 108 एंबुलेंस सेवा से हादसे की जानकारी पर तत्काल प्रभाव से चालक को हटा दिया गया है। घटनास्थल से बिना घायलों को लिए भागने की शिकायत मिली है। इस पर जांच के लिए कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
दुर्घटनाग्रस्त ऑटो।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
एंबुलेंस की टक्कर से 20 मीटर घिसटा ऑटो, पिता-दो बेटों की मौत, 2 गंभीर
बोदला-बिचपुरी मार्ग पर रविवार सुबह स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस से टकराने के बाद ऑटो के परखच्चे उड़ गए। एंबुलेंस के अगले हिस्से में फंसकर ऑटो करीब 20 मीटर तक घिसटता चला गया। हादसे में दिल्ली के ऑटो चालक व उनके 15 साल के बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 वर्षीय बेटे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पत्नी व एक बेटा घायल है। चालक अपने ऑटो से ही दिल्ली से पत्नी व तीन बेटों के साथ अपने पैतृक गांव सदरवन में चचेरी बहन की शादी में शामिल होने के लिए जा रहे थे।
मृतकों के फाइल फोटो
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सुबह-सुबह हुआ हादसा
थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में हादसा सुबह करीब 8:15 बजे हुआ। बिचपुरी रोड पर शनिदेव मंदिर के पास बाइक को ओवरटेक करने के दौरान ऑटो अनियंत्रित हो गया और उसका एक पहिया ऊपर उठ गया। तभी सामने से आती स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस से जोरदार टक्कर हुई। इससे ऑटो एक तरफ 20 मीटर तक घिसटता चला गया। ऑटो चला रहे सदरवन, बिचपुरी निवासी नेम सिंह बाहर गिरे, जबकि अन्य ऑटो सवार छिटककर दूर गिर गए। हादसे में नेम सिंह (36) व उनके बेटे शिवम (15) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी कांता बेटे शिवम प्रशांत और निखिल घायल हो गए। घटना के बाद एंबुलेंस चालक भाग निकला। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस एंबुलेंस चालक की तलाश में लगी है।
गांव में जुटी भीड़
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
दिल्ली में रहते थे रोशन सिंह
मूल रूप से बिचपुरी के गांव सदरवन निवासी रोशन सिंह दिल्ली के मैदान गढ़ी इलाके में 15 साल से रह रहे थे। उनके साथ चार बेटे नेम सिंह, थान सिंह, नरेंद्र और खजान सिंह भी दिल्ली चले गए थे। सभी ऑटो चलाते हैं। नेम सिंह के बड़े भाई थान सिंह ने बताया कि नेम सिंह परिवार सहित दिल्ली के साकेत स्थित नेब सराय इलाके में किराये के मकान में रहते थे। चाचा विपत्तीराम की बेटी सरिता उर्फ सोनम की शादी है। 12 मई को लग्न सगाई का कार्यक्रम है। 14 मई को बरात आनी है। इसमें शामिल होने के लिए नेम सिंह (36), उनकी पत्नी कांता (30), बेटे शिवम (15), प्रशांत (12) और निखिल (10) के साथ अपना ऑटो लेकर रविवार तड़के चार बजे आगरा के लिए चले थे। जैसे ही उनका ऑटो बिचपुरी स्थित शनिदेव मंदिर के पास पहुंचा, तभी हादसा हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि नेमसिंह और उनके बेटे शिवम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि निखिळ उर्फ गोविंदा (10) की एसएन अस्पताल में शाम को इलाज के दौरान मौत हो गई।
गांव में जुटी भीड़
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मौत के बाच मची चीख पुकार
हादसे के बाद चीखपुकार मच गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। घायलों को स्वास्थ्य केंद्र बिचपुरी भेजा गया, जहां से एसएन मेडिकल कॉलेज इमरजेंसी रेफर कर दिया। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की 108 एंबुलेंस से ऑटो की टक्कर हुई है। चालक एंबुलेंस लेकर भाग गया। वह बिचपुरी स्वास्थ्य केंद्र की बताई गई है। जांच कराई जा रही है। शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। वहीं परिजन की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
police
- फोटो : अमर उजाला
दो मिनट में पहुंची यूपी-112 पुलिस
प्रत्यक्षदर्शी लाल सिंह चौधरी के अनुसार, हादसा सुबह 8:13 बजे हुआ। घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर रेलवे स्टेशन के पास खड़ी यूपी-112 की पीआरवी गाड़ी संख्या 8728 महज दो मिनट में मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तत्काल सीएचसी बिचपुरी पहुंचाया।
परिवार
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
58 सेकंड का वीडियो हुआ वायरल
हादसे का एक वीडियो वायरल हुआ है, जोकि 58 सेकंड का है। इसमें नजर आ रहा है कि बिचपुरी मार्ग पर कई ऑटो और बाइक सवार निकल रहे हैं। तभी नेम सिंह का ऑटो आता है। एक बाइक भी तेजी से निकलती है। उसे बचाने के दाैरान ऑटो का एक पहिया उठ जाता है। इससे उसका नियंत्रण चालक खो देता है। पलटते ऑटो से एंबुलेंस की टक्कर होती है। वह उससे टकराने के बाद एक तरफ घिसटता हुआ चला जाता है। ऑटो से नेम सिंह उछलकर सड़क पर गिर जाते हैं, पत्नी और बच्चे भी दूर गिरते हैं। उधर, एंबुलेंस में ऑटो का क्षतिग्रस्त हिस्सा फंस जाता है। वह उसके साथ ही चला जाता है। पुलिस ने वीडियो की मदद से हादसा करने वाली एंबुलेंस की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।