आगरा से बाबा के दर्शन करने अमरनाथ यात्रा पर निकलीं पूनम अपने साथ गए लोगों के साथ सुरक्षित हैं। बादल फटने की घटना के बाद की अफरातफरी देख वह लोगों की मददगार बनकर उभरी हैं। वह दोस्तों संग लोगों को राहत देने में जुटी हैं। अमर उजाला से फोन पर हुई बात में उन्होंने बताया कि घटना हृदयविदारक है। वह और उनके लोग टीमों के साथ बिछड़ों को मिलाने, बुजुर्गों को चौपर तक पहुंचाने, दवा व कपड़े पहुंचा रहे हैं।
पूनम ने बताया कि 6 जुलाई को वह अपनी टीम रंजना सिंह, रुचि केसरवानी, कृष्णा और अंकित के साथ अमरनाथ यात्रा मार्ग पहुंचीं। गुफा से पांच किमी. दूर पंचकर्णी में उन्होंने कैंप किया। शुक्रवार शाम को बादल फटने की घटना हुई। यात्रा मार्ग में अफरातफरी मच गई। इस दौरान फंसे बुजुर्ग दंपती को वह लोग निकाल कर लाए। उन्हें चौपर से सुरक्षित जगह पहुंचाया गया। जिनके कपड़े गीले थे, उन्हें कपड़े उपलब्ध कराए। कुछ लोग घायल थे, उन्हें उपलब्ध दवाएं दीं।