फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमर उजाला स्टिंग: 3000 रुपये दो, सात दिन में मिल जाएगा डीएल, अफसरों से है हमारी सेटिंग

Sat, 14 Sep 2019 03:03 PM IST
मुकेश कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आगरा
विज्ञापन
आरटीओ के बाहर सौदेबाजी करता दलाल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
यातायात नियम उल्लंघन के नए जुर्माने के डर से आगरा में ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) बनवाने के लिए दो सप्ताह से आरटीओ में मारामारी मची हुई है। इस मारामारी के बीच दलाल भी सक्रिय हो गए हैं। डीएल बनवाने के लिए आरटीओ आने वाले आवेदकों को दलाल अपने चंगुल में फंसा रहे हैं। 
विज्ञापन




आवेदकों की संख्या में दोगुना से इजाफा होने से आरटीओ के बाहर बैठने वाले दलालों ने लाइसेंस बनवाने की एवज में अपने कमीशन में चार गुना इजाफा कर दिया है। अमर उजाला टीम ने शुक्रवार को आरटीओ के बाहर बैठे एक दलाल से बातचीत को कैमरे में रिकॉर्ड किया।

ऐसे सौदेबाजी करते हैं दलाल

रिपोर्टर: ड्राइविंग लाइसेंस बनवाना है, क्या फॉरमेल्टी है?
दलाल: कुछ नहीं करना है। आप बाइक और कार दोनों का बनवाओ। आपकी उम्र क्या होगी?
रिपोर्टर: उम्र 22 साल है।
दलाल: तो फिर आपका 20 साल का बनवा देंगे।
रिपोर्टर: कितना पैसा लगेगा इसमें, इसकी रसीद देंगे क्या?
दलाल: बिल्कुल, रसीद देंगे। (लाइसेंस फीस की एक रसीद दिखाते हुए) ऐसी रसीद देंगे।

'हमारे पास ऐसा कॉलम, उसी में खेल कर देंगे'

रिपोर्टर: थोड़ा और पैसा देंगे तो क्या टेस्ट नहीं देना पड़ेगा। 
दलाल : देखिए, यहां भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। आप ही देखो, कितनी लंबी लाइन लगी है। क्या ये सारे लाइसेंस बनवा लेंगे.... नहीं बनवा सकेंगे। हमारे पास कॉलम ही ऐसा है कि खेल कर देंगे उसमें।
रिपोर्टर: अगर हम अंदर ही पैसे देकर बनवा लें तो क्या बनेगा ?
दलाल: नहीं, अफसर आपसे पैसे नहीं लेंगे। क्या पता आप कौन हो, इंटेलीजेंस के हो, पुलिस के आदमी हो। आपसे अंदर डायरेक्ट पैसा नहीं लेंगे

रिपोर्टर: कितने में बन जाएगा प्रशिक्षु लाइसेंस।
दलाल: तीन हजार रुपये लगेंगे। इससे कम नहीं, वो भी केवल दोपहिया का बनेगा।
रिपोर्टर: कितने दिन में बन जाएगा लाइसेंस?
दलाल: आज स्लॉट बुक करा देंगे। फिर एक दिन फोटो के लिए बुलाएंगे। इसके बाद एक सप्ताह में लाइसेंस मिल जाएगा।

स्थायी लाइसेंस के 4500 रुपये

आरटीओ के बाहर बैठे दलाल अगस्त तक प्रशिक्षु लाइसेंस के लिए 700 रुपये और स्थायी के लिए 800 से एक हजार रुपये ले रहे थे। अब इसके दाम चार से साढ़े चार हजार रुपये हो गए हैं। प्रशिक्षु लाइसेंस के ढाई से तीन हजार रुपये मांग रहे हैं।
विज्ञापन

शिकायत मिली तो कार्रवाई करेंगे- आरटीओ 

सवाल: आरटीओ के बाहर दलाल खुलेआम लोगों से लाइसेंस बनवाने को तीन हजार रुपये तक मांग रहे हैं। क्या करेंगे आप?
जवाब: बाहरी लोगों का प्रवेश कार्यालय में बंद करा दिया है। दो होमगार्ड मुख्य द्वार पर लगाए हैं। इसके बाद भी अगर कोई आवेदक बाहर बैठे लोगों से संपर्क करता है तो क्या करेंगे।
सवाल: कार्यालय के बाहर बैठने वालों के लिए क्या करेंगे?
जवाब: पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों से मिलकर इन तत्वों की रोकथाम के लिए प्रयास करेंगे। बाबुओं को भी कह दिया है कि आवेदकों से सीधे बात करें। उनका काम निपटाएं। अगर शिकायत मिली तो कार्रवाई करेंगे।
सवाल: लोग दलालों के चक्कर में नहीं पड़ें, इसके लिए क्या करेंगे आप।
जवाब: आरटीओ में फीस, परमिट व लाइसेंस के आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन है। लोग ऑनलाइन आवेदन करके फीस जमा करेंगे। ऑनलाइन ही स्लॉट मिल जाएगा। इसके बाद भी लोग नहीं मानते हैं। फार्म नहीं भरना चाहते हैं।
- अशोक कुमार सिंह, आरटीओ 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें