आगरा के सूरसदन में मंगलवार शाम देश के प्रख्यात शायर और कवि एक मंच से काव्य पाठ करेंगे। अमर उजाला के अभिनव अभियान मां तुझे प्रणाम के तहत हो रहे कवि सम्मेलन और मुशायरा बाकी निशां.. में गोरखपुर के शायर डॉ. कलीम कैसर की चर्चित शायरी ‘चाहतों की जरा सी दस्तक पर, दिल का दरवाजा भी खुल सकता है, इश्क वो जुबां है, जिसे गूंगा भी बोल सकता है’सुनने को मिलेगी।
भोपाल से आने वाले ओज के कवि मदन मोहन समर भी शिरकत करेंगे। समर भोपाल में डिप्टी एसपी हैं। शायरी की दुनिया का जाना-पहचाना नाम मुजफ्फरनगर के खुर्शीद हैदर अपनी शायरी से समा बांधेंगे। दिल्ली के हास्य कवि अनिल अग्रवंशी, कवयित्री अंकिता सिंह भी कवि सम्मेलन में काव्य पाठ करेंगी। अंकिता राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिंदी कविता की दुनिया में नई छाप छोड़ रही हैं।
औरेया के हास्य और ओज के कवि अजय अंजाम साहित्य प्रेमियों को गुदगुदाएंगे। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हास्य-व्यंग्य में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले कवि पवन आगरी कार्यक्रम के संयोजक हैं। श्रोताओं को कवि सम्मेलन और मुशायरा में पहले आएं, पहले पाएं के आधार पर सीट उपलब्ध होगी।