एसएन मेडिकल कॉलेज में हो रहा बच्चों का टीकाकरण
- फोटो : अमर उजाला
ताजनगरी आगरा में सभी को कोरोना वायरस से सुरक्षित करने के लिए 5 से 12 साल तक के बच्चों का भी जल्द टीकाकरण शुरू होने जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग तैयारियां कर रहा है। ताजनगरी में करीब 3.50 लाख बच्चों को 54 बूथों पर टीका लगाया जाएगा।
जिला टीकाकरण प्रभारी डॉक्टर संजीव वर्मन ने बताया कि 5 से 12 साल तक की बच्चों की संख्या करीब 3.50 लाख अनुमानित है। बीएसए से सही संख्या मांगी गई है। इनको 12 से 14 साल के बच्चों वाले 54 बूथों पर टीका लगाया जाएगा। बूथ पर इनके लिए अलग से काउंटर बनाए जाएंगे। अभी शासन से बच्चों के टीकाकरण के लिए कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुए हैं, फिर भी हम तैयारी कर रहे हैं। बच्चों की टीकाकरण में अभिभावकों, सामाजिक संगठन और स्कूल संचालकों की भी मदद ली जाएगी।
बच्चों की सुरक्षा का सवाल है, टीका जरूर लगवाएं
वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ और आईएमए अध्यक्ष डॉ. ओपी यादव का कहना है कि सरकार ने 5 से 12 साल तक के बच्चों के टीकाकरण की मंजूरी दी है, ये अच्छी पहल है। टीका लगने से बच्चे भी सुरक्षित हो जाएंगे। लोगों से अपील है कि टीकाकरण शुरू होने पर अपने बच्चों के टीका जरूर लगवाएं। यह पूरी तरह सुरक्षित है और आपके बच्चों की सुरक्षा के लिए जरूरी भी है। बच्चों में एंटीबॉडी तेजी से बनती हैं।
अभिभावकों को टीकाकरण के लिए कर रहे जागरूक
आगरा पीडियाट्रिक एसोसिएशन के उपाध्यक्ष डॉ. अरुण जैन ने बताया कि ओपीडी में आने वाले बच्चों के अभिभावकों को टीकाकरण के लिए जागरूक कर रहे हैं। 5 से 12 साल तक के बच्चों का टीकाकरण शुरू होने पर टीका जरूर लगवाने के लिए कहा जा रहा है। टीका लगने से बच्चों का कोरोना वायरस से बचाव होगा।
दोनों बेटियों को लगवाऊंगी टीका
जयपुर हाउस कि शालिनी अग्रवाल ने बताया कि उनकी दो बेटियां हैं। एक की उम्र 11 साल और एक ही उम्र साढ़े 6 साल है। जैसे ही 5 से 12 साल के बच्चों का टीकाकारण शुरू होगा, अपनी दोनों बेटियों का टीकाकरण जरूर कराएंगी। घर में सभी का टीकाकरण हो चुका है। बच्चों की सुरक्षा के लिए टीकाकारण जरूरी है।