छात्राओं को संबोधित करते एसएसपी अखिलेश चौरसिया
- फोटो : अमर उजाला
एटा के निधौली रोड स्थित ट्यूलिप पब्लिक स्कूल में सोमवार को अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। इसमें एसएसपी अखिलेश चौरसिया ने छात्राओं आत्म सुरक्षा का पाठ पढ़ाया। पुलिस की तमाम हेल्पलाइन के बारे में बताया। साथ ही सोशल मीडिया के प्रयोग में सावधानी बरतने की सलाह दी।
पुलिस की पाठशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथि एसएसपी अखिलेश चौरसिया ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि जो छात्राएं सोशल मीडिया का प्रयोग करती हैं। वे विशेष तौर पर सावधानी बरतें और अपने व्यक्तिगत आने जाने और रहने के बारे में सोशल मीडिया पर कोई पोस्ट ना शेयर करें। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार अपराध बढ़ते जा रहे हैं।
'अप्रिय घटना को छुपाए नहीं'
एसएसपी ने कहा कि यदि छात्रा कोई पोस्ट शेयर करती है, तो केवल अपने परिजन या फिर रिश्तेदारों तक ही उसे सीमित करके रखें। छात्राएं अपने साथ होने वाली किसी भी अप्रिय घटना को छुपाए नहीं और उसे परिजन और विद्यालय में शिक्षकों को अवश्य दें। इससे परेशान करने वाले आरोपी के खिलाफ समय पर कार्रवाई हो सके। उन्होंने कहा कि अमर उजाला की पहल सराहनीय है। छात्राओं को जागरूक करने का अच्छा माध्यम है।
छात्राओं को संबोधित करते एसएसपी अखिलेश चौरसिया
- फोटो : अमर उजाला
इसी मौके पर एसआई सारिका त्यागी ने मौजूद छात्राओं को वूमेन हेल्पलाइन 1090, 181, 100 डायल आदि योजनाओं के बारे में जानकारी दी। साथ ही उन्होंने गुड टन और बैड टच के साथ मनचलों से निपटने के लिए पंच मारने सहित छात्राओं को तमाम जानकारी दीं।
सीएफओ ने दिया आग बुझाने का प्रशिक्षण
एअमर उजाला फाउंडेशन की तरफ से आयोजित की गई पुलिस की पाठशाला में सीएफओ शिवदयाल शर्मा ने छात्राओं को घर पर होने वाली आगजनी से निपटने के लिए सहज उपाय बताए। उन्होंने कहा कि यदि कभी गैस सिलिंडर में आग लगती तो घबराए नहीं और पहले तो सिलिंडर से निकलने वाली गैस का रेगुलेटर बंद करें।
यदि यह संभव नहीं हो पा रहा है तो घर में मौजूद पौछा वाले कपड़े या जूट के बोरे से सिलिंडर को ढककर आग पर काबू पाया जा सकता है। सीएफओ ने बताया कि आगजनी होने पर सिलिंडर को इधर उधर न पटकें और उसे सीधा खड़ा रहने दें। जिससे एक बड़ा हादसा होने से बचाया जा सकता है।
पुलिस की पाठशाल में मौजूद छात्राएं
- फोटो : अमर उजाला
विद्यालय की प्रधानाचार्य बिंदु जैसवाल ने मुख्य अतिथि का बुके भेंट कर स्वागत किया। साथ ही धन्यवाद ज्ञापन किया। स्कूल के
प्रधानाचार्य बिंदु जायसवाल ने कहा कि अमर उजाला का पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम प्रशंसनीय है। इससे छात्राएं आत्मनिर्भर बनती हैं। साथ ही उनमें कानून की समझ विकसित होगी।
छात्राएं बोलीं, अब करेंगे डटकर मुकाबला
वहीं छात्रा निधि राजपूत ने कहा कि अमर उजाला की ओर से आयोजित पुलिस की पाठशाला के जरिए काफी नई जानकारियां मिली हैं। आत्मनिर्भर बनकर समस्याओं से डटकर मुकाबला करेंगे। छात्रा फाईजा मलिक ने कहा कि अब तक पुलिस को लेकर मन में नकारात्मक छवि थी, मगर एसएसपी को सुनकर लगा कि अब पुलिस बदल गई है।
छात्रा हर्षिता गुप्ता ने कहा कि पुलिस की पाठशाला में वूमेन हेल्प लाइन के बारे में बताया गया। अब तक पता नहीं था। मुसीबत में अब इसका प्रयोग करेंगे। चंचल यादव ने कहा कि सोशल मीडिया के प्रयोग को लेकर एसएसपी ने जो कहा, इसका पूरी तरह से पालन करेंगे। ताकि हर परेशानी से बचे रहें।