आगरा। पुलिस पेंशनर्स की सहूलियत को ध्यान में रख मंगलवार को पुलिस लाइंस स्थित नवीनीकृत पुलिस पेंशनर्स कार्यालय का उद्घाटन किया गया। कार्यालय का शुभारंभ पुलिस आयुक्त दीपक कुमार और अपर पुलिस आयुक्त राम बदन सिंह ने फीता काटकर किया। इस दौरान पुलिस उपायुक्त नगर सैयद अली अब्बास, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय अतुल शर्मा, सहायक पुलिस आयुक्त इमरान अहमद सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, पुलिस पेंशनर्स व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने कहा कि कार्यालय का उद्देश्य सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को पेंशन संबंधी कार्य, शिकायत निवारण एवं अन्य सेवाएं एक ही स्थान पर पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराना है। इस पहल से पेंशनर्स को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी। पुलिस विभाग एक परिवार है और रिटायरमेंट केवल सेवा का अंत है, संबंधों का नहीं। उन्होंने पेंशनर्स के सम्मान व समस्याओं के त्वरित समाधान के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई।