आगरा के थाना लोहामंडी पुलिस ने चौथ वसूली के मामले में वांछित अखिल भारत हिंदू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय जाट को गिरफ्तार किया। कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। गैर जमानती वारंट और कुर्की पूर्व नोटिस पहले से जारी थी। आरोप है कि पुलिस के सामने यह लगातार विरोध-प्रदर्शन करता था लेकिन गिरफ्तारी अब एक साल बाद की जा सकी।
जून 2022 में व्हाट्सएप पर एक ऑडियो क्लिप वायरल हुई थी। आरोप था कि ऑडियो अखिल भारत हिंदू महासभा के जिलाध्यक्ष रौनक ठाकुर और अंकित के बीच बातचीत का है। तत्कालीन एसएसपी सुधीर कुमार सिंह के निर्देश पर चौकी प्रभारी आलमगंज कपिल कुमार ने मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें चौथ मांगने का आरोप था।
पुलिस की जांच में सामने आया कि कुबेरपुर स्थित स्लाटर हाउस में मीट व्यापारी मीट लेकर जाते हैं। उन्हें रास्ते में रोक कर गोमांस ले जाने के नाम पर धमकाया जाता है। इसके बाद प्रदर्शन कर एफआईआर कराई जाती है। बचने के लिए रकम दी जाती थी। ऑडियो भी अवैध वसूली से संबंधित थी।
डीसीपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि संजय जाट के खिलाफ चौथ वसूली का मुकदमा दर्ज था। गैर जमानती वारंट और कुर्की पूर्व सूचना का नोटिस भी जारी था। हाथ नहीं आ रहा था। बृहस्पतिवार को उसे रेलवे पुल राज नगर, लोहामंडी के पास गिरफ्तार किया गया। उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
मुकदमे में खोला था नाम
मामले के अनुसार, आलमगंज निवासी झल्लू से 15 हजार रुपये की वसूली की गई थी। उसने जन्मदिन की पार्टी मनाने के नाम पर रकम दी थी। मुकदमे में पुलिस ने एक अज्ञात आरोपी दिखाया था। इसमें ही पुलिस ने संजय जाट का नाम खोला। पूछताछ में झल्लू ने वसूली की बात स्वीकार की थी।
पूर्व जिलाध्यक्ष भी वांछित
अखिल भारत हिंदू महासभा के पूर्व जिलाध्यक्ष रौनक ठाकुर का नाम रुनकता बवाल में सामने आया था। अप्रैल 2022 में रुनकता में बवाल हुआ था। तीन घरों में आगजनी की गई थी। रौनक ठाकुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मगर, वो पकड़ा नहीं गया था। वह वांछित था।
पुलिस के सामने प्रदर्शन, गिरफ्तारी अब
चौथ वसूली का मामला दर्ज होने के बाद भी संजय जाट अपने संगठन के साथ गोवंश तस्करी और अन्य मसलों पर विरोध प्रदर्शन कर रहा था। पुलिस भी सामने होती थी, लेकिन उसकी गिरफ्तारी नहीं की गई। बृहस्पतिवार को उसके संगठन के कार्यकर्ताओं ने ताजमहल में उर्स के मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद दोपहर को उसकी गिरफ्तारी हुई।