मैनपुरी। कोरोना की संभावित तीसरी लहर को लेकर शासन और विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। हालांकि जिले में तैयारियां अधूरी हैं। तैयारियों की जिम्मेदारी निभाने वालों का ही तबादला कर दिया गया है। कोरोना की संभावित तीसरी लहर से मुकाबला करने के लिए संसाधन जुटाने में लगा स्वास्थ्य विभाग चिकित्सकों की कमी के कारण अपाहिज नजर आ रहा है। आईसीयू से लेकर उपचार की व्यवस्थाएं अधूरी हैं।
कोरोना की संभावित तीसरी लहर में बच्चों को अधिक खतरा बताया जा रहा है। इसके मद्देनजर कोविड लेवल टू अस्पताल में पीडियट्रिक वार्ड की स्थापना की गई है। यहां 40 बेड की व्यवस्था है। हालांकि यहां व्यवस्था के नाम पर महज बेड डाल दिए गए हैं। अभी तक बेड को व्यवस्थित तक नहीं किया गया है। बेडों पर तीन-तीन धूल-मिट्टी नजर आ रही है।
इसके अतिरिक्त वार्ड में मूलभूत सुविधाएं भी पूरी नहीं हैं। 20 बेड आईसीयू के लिए रखे गए हैं। इन बेडों को भी व्यवस्थित नहीं किया गया है। इस वार्ड की देखरेख के लिए एसीएमओ डॉ. जीपी शुक्ला को नोडल अधिकारी बनाया गया था। चार दिन पहले उनका स्थानांतरण कर दिया गया है। अभी तक उनके स्थान पर दूसरे किसी अधिकारी को जिम्मेदारी नहीं दी गई है। कोविड लेवल टू के साथ ही भोगांव में बनाए गए कोविड लेवल एक के प्रभारी डॉ. अमित भारती का भी चार दिन पहले तबादला कर दिया गया है। ऐसे में यहां की तैयारियां भी अधर में लटक गई हैं।
------
इन लोगों के स्थानांतरण से आई दिक्कतें
डॉ. एके पांडेय सीएमओ
डॉ. जीपी शुक्ला नोडल अधिकारी कोविड लेवल टू अस्पताल
डॉ. अमित भारती प्रभारी कोविड लेवल एक भोगांव
डॉ. प्रदीप गुप्ता सीएमओ कार्यालय
डॉ. शशीकांत प्रभा, किशनी
डॉ. पवन राजपूत पुलिस लाइन
डॉ. गौरांग गुप्ता जिला अस्पताल
डॉ. अतुल जैन जिला अस्पताल
डॉ. याचना शर्मा जिला अस्पताल
डॉ. आदर्श सेंगर जिला अस्पताल
------
इन व्यवस्थाओं की पहल जारी
कोरोना की संभावित तीसरी लहर से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जिला अस्पताल के साथ जिला महिला अस्पताल में भी व्यवस्थाएं करना शुरू कर दिया है। जिला अस्पताल में बनाए गए कोविड लेवल टू में ऑक्सीजन सप्लाई के लिए प्लांट तैयार है। बेड पर ऑक्सीजन उपलब्ध कराने के लिए फिटिंग का कार्य चल रहा है। ब्लॉक स्तर पर सभी नौ सीएचसी पर ऑक्सीजन की आपूर्ति के लिए कंसनट्रेटर उपलब्ध कराए गए हैं। राज्य स्तर पर प्रशिक्षण प्राप्त कर लौटे चार सदस्यों की टीम जनपद के अन्य चिकित्सकों और स्टाफ को प्रशिक्षण दे रही है। दो चरणों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। एक चरण का प्रशिक्षण शेष है।
-------
तीसरी लहर से बचाव के लिए जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। कोविड लेवल टू के लिए ऑक्सीजन प्लांट तैयार है। जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल और सीएचसी भोगांव के लिए ऑक्सीजन प्लांट तैयार हो रहा है। चिकित्सकों और स्टाफ को प्रशिक्षण दिलाया जा रहा है। पीडियट्रिक वार्ड में व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। शीघ्र सारी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी। चिकित्सकों की कमी के चलते दिक्कतें आ रही हैं।
डॉ. प्रेमपाल सिंह सीएमओ