अखिलेश यादव के साथ डॉ. धर्मपाल सिंह (दाएं)
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के एत्मादपुर से पूर्व विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह और 2014 में बहुजत समाज पार्टी (बसपा) से लोकसभा क्षेत्र प्रत्याशी रहे कुंवर चंद वकील समेत 12 से अधिक प्रधान, पंचायत सदस्य रविवार को लखनऊ में साइकिल पर सवार हो गए। लखनऊ में समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यालय पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इन लोगों को सदस्यता दिलाई। दोनों नेताओं के सपा में शामिल होने से क्षत्रिय और जाटव मतदाताओं में सपा का जनाधार बढ़ सकता है।
टूंडला से सपा के एमएलसी उदयवीर सिंह और आगरा जिला महासचिव तेजपाल यादव ने दोनों नेताओं को पार्टी में शामिल कराया है। डॉ. धर्मपाल सिंह दयालबाग और एत्मादपुर विधान सभा क्षेत्र के विधायक निर्वाचित हो चुके हैं। वर्ष 2017 में विधानसभा चुनाव में भाजपा के राम प्रताप सिंह चौहान ने उन्हें पराजित किया। आगामी चुनाव से पहले एत्मादपुर के क्षत्रिय बाहुल्य क्षेत्र में डॉ. धर्मपाल की पहुंच का सपा को फायदा हो सकता है।
यूपी ब्लॉक प्रमुख चुनाव: जानिए कैसे आगरा में जीत में बदली हार...दो महीने में बदल गए परिणाम
पूर्व सांसद राज बब्बर के साथ डॉ. धर्मपाल ने राजनीतिक सफर शुरू किया था। जिसके बाद वह पहले सपा, फिर बसपा, जनमोर्चा में रह चुके हैं। उनकी चौथी पारी फिर सपा से शुरू हो गई है। डॉ. धर्मपाल सिंह के सपा में शामिल होने से एत्मादपुर विधान सभा सीट पर मुकाबला कड़ा हो सकता है।
दूसरी तरफ 2014 लोकसभा चुनाव में बसपा प्रत्याशी रहे कुंवरचंद वकील मामूली अंतर से भाजपा के रामशंकर कठेरिया से हार गए थे। इस बार कुंवर चंद सपा से विधान सभा चुनाव में उतर सकते हैं। कुंवर चंद के सहारे सपा को जाटव मतदाताओं में जमीन बनाना का मौका मिल सकता है।
अपने शहर की खबरों से अपडेट रहने के लिए पढ़ते रहिए amarujala.com । अमर उजाला आगरा के फेसबुक पेज को लाइक और फॉलो करने के लिए यहां क्लिक कर सकते हैं।