उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित ताजमहल में अखिल भारतीय हिंदू महासभा के दो सदस्यों ने गंगाजल चढ़ाने का दावा किया। पानी की बोतल में गंगाजल भरकर ले गए दोनों सदस्यों ने मुख्य गुंबद के तहखाने की सीढ़ियों पर जाकर गंगाजल डाला और नारे लगाए। इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। इस पर सीआईएसएफ ने उन्हें पकड़ लिया और थाना ताजगंज पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
घटना शनिवार सुबह 8 बजे की है। अखिल भारतीय हिंदू महासभा के सदस्य वीनेश चौधरी और श्याम ताजमहल में गंगाजल को एक लिटर की प्लास्टिक बोतल में भरकर पहुंचे। उन्होंने रॉयल गेट से मुख्य गुंबद तक इसे ले जाने का वीडियो बनाया। शाहजहां मुमताज की असली कब्रें जिस तहखाने में हैं। उसकी सीढ़ियों पर गंगाजल चढ़ाने का वीडियो बनाया।
इसके बाद नारेबाजी शुरू कर दी। गेट पर तैनात सीआईएसएफ जवानों ने उन्हें पकड़ लिया और पूछताछ के लिए कंट्रोल रूम ले गए। एएसआई के वरिष्ठ संरक्षण सहायक प्रिंस वाजपेयी ने बताया कि दोनों युवकों को सीआईएसएफ ने थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।
कुछ दिन पहले हिंदू महासभा की महिला सदस्य कांवड लेकर ताजमहल के पास पहुंची थी। उसे पुलिस ने बैरियर पर ही रोक लिया था। वह भी जलाभिषेक करने के लिए पहुंची थी। हिंदू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय जाट ने बताया कि वीरेश और श्याम सोरों से कांवड़ लेकर आए थे। उन्होंने जलाभिषेक करने का दावा किया।