आगरा। अकोला में चौधरी चरण सिंह चाहरवाटी महाविद्यालय क्रिकेट ग्राउंड पर सर्व समाज समिति के तत्वावधान में चल रहे 33वें चौधरी चरण सिंह स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को दो मैच खेले गए। पहले मैच में नगला सिकरवार क्रिकेट क्लब की टीम ने बास सुजान क्रिकेट क्लब की टीम को 24 रन से हराया। दूसरे मैच में ओल्ड इज गोल्ड क्रिकेट क्लब की टीम ने गढ़ी कालिया क्रिकेट क्लब की टीम को 82 रन से हराया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नगला सिकरवार क्रिकेट क्लब की टीम ने निर्धारित 16 ओवर में 8 विकेट खोकर 123 रन बनाए। जवाब में बल्लेबाजी करनी उतरी बास सुजान क्रिकेट क्लब की टीम 15 ओवर में 99 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। मैन ऑफ द मैच नगला सिकरवार के अजय रहे, जिन्होंने 42 बॉल पर 55 रन बनाए। दूसरे मुकाबले में ओल्ड इज गोल्ड क्रिकेट क्लब की टीम ने निर्धारित 16 ओवर में 9 विकेट खोकर 146 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी गढ़ी कालिया की पूरी टीम 12 ओवर में 64 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। मैन ऑफ द मैच ओल्ड इज गोल्ड के गजेंद्र उर्फ गज्जू अध्यापक को चुना गया। उन्होंने सात विकेट के साथ शानदार प्रदर्शन किया। मैच के अंपायर उदयवीर चाहर, अमित चाहर और राजकुमार चाहर रहे। मैच के दौरान सर्व समाज समिति के अध्यक्ष एडवोकेट अजयराज चाहर, संयोजक दीपू काका, श्रीकृष्ण शर्मा, पुष्पेंद्र चाहर, सूरज रैना आदि मौजूद रहे।