airforce's helicopter landing trial
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। पीएम नरेंद्र मोदी की चुनावी रैली में उनकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासनिक टीमें पूरी तरह से जुट गईं हैं। एयरफोर्स के हेलीकॉप्टर से कार्यक्रम स्थल पर लैंडिंग ट्रायल किया गया। एसपीजी भी जिले में पहुंच गई है। वहीं, डीआईजी, डीएम और एसपी ने कार्यक्रम स्थल का पहले निरीक्षण किया। व्यवस्थाओं के संबंध में दिशा-निर्देश दिए। इसके पश्चात सभी अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गहन मंत्रणा की।
एसपीजी के अधिकारियों की टीम सोमवार रात को जिले में पहुंच गई थी। मंगलवार की सुबह एसपीजी की टीम के साथ डीएम हर्षिता माथुर, एसपी रोहन प्रमोद बोत्रे, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार और अन्य पुलिस अधिकारी कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए। वहां व्यवस्थाओं की प्रगति का निरीक्षण किया। इसके बाद गहन मंत्रणा की। दोपहर के समय अलीगढ़ के डीआईजी दीपक कुमार भी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। उन्होंने जिले के अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। डीआईजी ने भी एसपीजी व जिले के अधिकारियों के साथ बिंदुवार तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थल पर पूरे दिन प्रशासनिक अधिकारी डटे रहे। अपराह्न के समय एयरफोर्स के हेलीकॉप्टर का लैंडिंग ट्रायल किया गया। यह ट्रायल सफल रहा। जिस स्थान पर हेलीपैड का निर्माण किया जा रहा है, उस स्थान पर हेलीकॉप्टर लाकर जमीन से छह फुट ऊंचा हवा में रोक कर ट्रायल किया गया। क्योंकि अभी हेलीपैड निर्माण की प्रक्रिया संचालित है। इसके चलते लैंडिंग ट्रायल जमीन से छह फुट ऊंचाई पर रोककर किया गया। इसके अलावा एयरफोर्स के हेलीकॉप्टर ने आसपास के इलाके में रैकी की और कार्यक्रम स्थल पर कई बार चक्कर लगाए। इस दौरान सीएमओ डा. अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी हरि शंकर, जिला पंचायत राज अधिकारी देवेन्द्र कुमार आदि मौजूद रहे।
रैली स्थल को किया जाएगा सैनिटाइज
कासगंज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनावी रैली के मैदान को पूरी तरह से सैनिटाइज कराया जाएगा। इसके अलावा कोविड प्रोटोकॉल के अनुरूप प्रशासनिक स्तर की व्यवस्थाएं की जाएंगी। कार्यक्रम की तैयारियों को जिले के प्रशासनिक अधिकारी परख रहे हैं।
प्रशासनिक व पुलिस के अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं। एयरफोर्स के हेलीकॉप्टर ने यहां आकर सेफ लैंडिंग का ट्रायल किया है। इसके अलावा अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा भी लगातार की जा रही है। - हर्षिता माथुर, डीएम।
- कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के लिहाज से पूरा निरीक्षण किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। एसपीजी के साथ सुरक्षा को लेकर मंत्रणा की गई है। - रोहन प्रमोद बोत्रे, एसपी।