आगरा में मंगलवार को शहर के कई क्षेत्रों में छिटपुट बूंदाबांदी और बारिश हुई, जिसका असर आगरा की वायु गुणवत्ता पर पड़ा। सामान्य से पांच से छह गुना ज्यादा चल रहे धूल के कणों की मात्रा एकाएक कम हुई, जिस वजह से मंगलवार को आगरा का एयर क्वालिटी इंडेक्स 96 हो गया। इससे केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी की गई सूची में आगरा टॉप 10 से बाहर हो गया।
अभी तक आगरा देश के सबसे प्रदूषित पांच शहरों में बना हुआ था, लेकिन इस महीने में पहली बार आगरा प्रदूषित शहरों की सूची से बाहर रहा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक अगले दो दिनों में बारिश होने का अनुमान है। बारिश के बाद आगरा की वायु गुणवत्ता में सुधार हो जाएगा, क्योंकि ताजनगरी में प्रदूषण का मुख्य कारण धूल के कण हैं जो सामान्य से 5 से 6 गुना तक ज्यादा हो जाते हैं।
ये भी पढ़ें- ताजमहल: तापमान ज्यादा है तो मशीन नहीं करने देगी प्रवेश, गेटों पर लगाई गईं ऑटोमेटिक थर्मल स्क्रीनिंग
मंगलवार को आगरा प्रदेश में फिर से सबसे गर्म शहर रहा, जहां दिन का तापमान 37 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। लगातार दूसरा दिन है जब आगरा सबसे गर्म शहर रहा है। आगरा पूरे सितंबर के महीने प्रदेश के सबसे गर्म 3 शहरों की सूची में जगह बनाए हुए है।