इस सीजन में ताजनगरी की हवा रविवार को सबसे ज्यादा जहरीली रही। दिवाली पर पटाखे चलने के बाद भैया दूज पर एक्यूआई 231 रहा था, जबकि रविवार को यह 289 पर पहुंच गया। इससे लोगों को सांस लेने में आ रही दिक्कत और बढ़ गई। सुबह से ही आसमान में स्मॉग छाया रहा। दृश्यता 700 मीटर रही। आंखों में जलन महसूस की गई।
शनिवार रात को हवा की गति कुछ तेज थी। इससे राहत की उम्मीद की जा रही थी। लेकिन रविवार को यह धीमी हो गई। दिन निकलते ही स्मॉग छा गया। दोपहर 11 से शाम के पांच बजे तक स्थिति सबसे ज्यादा खराब रही।
ताजमहल पर विदेशी सैलानी दिवाली के बाद से ही मास्क लगाकर आ रहे हैं। अब देश के अन्य हिस्सों से आ रहे लोग भी बगैर मास्क के नहीं आ रहे। आगरा के बाशिंदे भी बाइक पर चलते समय मुंह पर रुमाल बांध रहे हैं।