उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक सिरफिरे की हरकत से छात्रा मानसिक तनाव में आ गई। युवक ने छात्रा के अश्लील फोटो और वीडियो एआई से बनाए। इसके बाद वायरल करने के साथ फोटो परिजनों को भेज दिए।
आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में एक युवक ने छात्रा का एआई की मदद से अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। मामले में पीड़िता के परिजन ने पुलिस आयुक्त से शिकायत की। पुलिस आयुक्त के आदेश पर ट्रांस यमुना थाने में बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
पीड़िता के भाई का आरोप है कि थाना क्वारसी, अलीगढ़ निवासी गौरव ने एआई का इस्तेमाल कर अश्लील फोटो-वीडियो बनाए हैं। युवक ने सोशल मीडिया और छात्रा के परिजन को भी फोटो-वीडियो भेजे।
शिकायत करने पर आरोपी ने तेजाब फेंकने और अपहरण की धमकी भी दी। उन्होंने बताया कि थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई नहीं की और भगा दिया। इससे उनकी बहन मानसिक तनाव में है।