ऑटो गैंग ने अहमदाबाद से आई महिला के बैग से 8 लाख रुपये के गहने पार कर लिए। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की। मगर, हर बार महिला को एक थाने से दूसरे थाने भेज दिया गया। 14 दिन बाद भी केस दर्ज नहीं किया गया। पीड़िता सोमवार को डीसीपी सिटी आफिस गईं, लेकिन यहां भी उसे निराशा ही हाथ लगी।
मैनपुरी के थाना क्षेत्र एलाऊ के गांव मीरपुर खुर्द निवासी सुषमा राजपूत उर्फ राजपूत बीनाबेन ने बताया कि वह अहमदाबाद में रह रही हैं। 15 अप्रैल को घर जाने के लिए निकली थीं। उनके साथ बेटा और बहन का बेटा भी थे। आगरा कैंट स्टेशन पर ट्रेन से आने के बाद वाटरवर्क्स के लिए ऑटो कर लिया।
आगरा किले के पास चालक ने ऑटो रोक दिया। कहा कि ऑटो खराब हो गया है। दूसरे ऑटो वाले को बुलाकर वाटरवर्क्स के लिए बैठा दिया। उस ऑटो में पहले से ही तीन युवक बैठे थे। चालक ने दोनों बच्चों को अपनी सीट पर बैठा लिया। इसी बीच पीछे की सीट पर बैठे युवकों ने बैग की चेन खोलकर आठ लाख रुपये के सोने के जेवरात निकाल लिए। इसके बाद वाटरवर्क्स पर उतारकर चले गए। बाद में बैग की चेन देखकर घटना का पता चला।
आरोप है कि घटना के बाद 112 नंबर पर काॅल किया। मगर, पुलिस जांच कर कमला नगर थाने ले गई। वहां से थाना सदर भेज दिया गया। यहां भी पुलिसकर्मियाें ने रकाबगंज का मामला बताया। वह थाना रकाबगंज गईं। मगर, सुनवाई नहीं हुई। इस पर वो सोमवार को डीसीपी सिटी कार्यालय में गईं। मगर, डीसीपी सिटी से मुलाकात नहीं हो सकी। उन्हें पुलिस लाइन भेज दिया गया। डीसीपी सिटी सोनम कुमार का कहना है कि मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।