कृषि विभाग की टीम ने गुरुवार को हाथरस रोड के जेके नगर स्थित विशाल कांप्लेक्स में नकली खाद की फैक्टरी पकड़ी। इसमें नकली पोटाश, डीएपी और जिंक सल्फेट बनाया जा रहा था। फैक्टरी को सील कर दिया गया। मामले में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
जिला कृषि अधिकारी रामप्रवेश वर्मा के मुताबिक गोपनीय सूचना के आधार पर छापा मारा गया। विभाग की टीम देख सभी भाग निकले। एक गाड़ी निकल रही थी, उसकी फोटो खींच ली गई है। फैक्टरी में डीएपी, पोटाश और जिंक बन रहा था। मोरंग, पिसी हुई ईंट, नमक और रंग मिलाकर पोटाश बनाया जा रहा था। वहीं, डीएपी जैसे दिखने वाला दाना मिला। मार्बल पाउडर से जिंक बनाया जा रहा था।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि नकली खाद को ब्रांडेड कंपनियों के रैपर में भरकर बेचा जाता था। कृभको, आईपीएल, दयाल कंपनी, उत्तम बायो फर्टिलाइजर के खाली और भरे हुए कट्टे फैक्टरी से बरामद किए गए। जिलाधिकारी की अनुमति लेकर मामले में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।