कासगंज। सांसद राजवीर सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पारित किए गए कृषि विधेयक ऐतिहासिक हैं और किसानेां के हित में हैं। अब किसान अपनी फसल कहीं भी बेचने के लिए स्वतंत्र है। सांसद नगला पट्टी व प्रहलादपुर में आयोजित खाट पंचायत के दौरान ग्रामीणों से मुखातिब थे। उन्होंने किसानों को नए कृषि विधेयकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
सांसद ने कहा कि विपक्षी दल किसानों में भ्रम फैला रहे हैं। जबकि सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार कदम उठा रही है। नए कृषि विधेयक किसानों के हित में हैं। इनसे किसानों को काफी लाभ मिलेगा। किसान अब अपनी फसल बेचने के लिए स्वतंत्र हो गया है। वह अपनी फसल अपने रेट में कहीं भी किसी को भी बेच सकता है। अब माल बेचने पर कहीं कोई पाबंदी नहीं है।
सरकार ने कृषि विधेयकों के जरिये बिचौलियों का हस्तक्षेप खत्म कर दिया है। सांसद ने किसानों की राय भी जानी। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष केपी सिंह सोलंकी, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष खूब सिंह लोधी, विधायक सदर देवेंद्र राजपूत, विधायक अमांपुर देवेंद्र प्रताप, महामंत्री राजवीर सिंह भल्ला आदि मौजूद रहे।