आगरा। एकलव्य इंडोर स्टेडियम में चल रहे इंद्रा बंसल स्मृति तृतीय यूपी स्टेट रैंकिंग टेबल टेनिस टूर्नामेंट में शुक्रवार को आगरा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। पहल गुप्ता और अंकिशा मिश्रा ने अलग-अलग वर्गों में जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों के बीच दिनभर रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
यूथ बालिका अंडर-19 के क्वार्टर फाइनल में आगरा की पहल गुप्ता ने लखनऊ की साक्षी तिवारी को 11-2, 8-11, 11-9, 11-8 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। इससे पहले प्री-क्वार्टर फाइनल में उन्होंने गौतम बुद्ध नगर की आयुषी सिंघल को 8-11, 15-13, 11-7, 11-6 से शिकस्त दी। इसी वर्ग में अंकिशा मिश्रा को आयुषी सिंघल से 11-13, 12-10, 11-9, 11-9 से हार मिली।
जूनियर बालिका अंडर-17 के क्वार्टर फाइनल में पहल गुप्ता ने प्रयागराज की अंशिका गुप्ता को 12-10, 11-4, 7-11, 11-6 से हराया। अंकिशा मिश्रा ने लखनऊ की साक्षी तिवारी को 11-3, 11-4, 11-6 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई। आगरा की अवनी शर्मा को साक्षी तिवारी ने 11-8, 8-11, 11-5, 11-4 से हराया।
केशव ने पांच गेम में जीता मुकाबला
जूनियर बालक अंडर-17 के प्री-क्वार्टर फाइनल में आगरा के केशव खंडेलवाल ने शहर के ही ऋषभ विश्वकर्मा को पांच गेम तक चले मुकाबले में 8-11, 11-8, 11-7, 10-12, 11-7 से हराया। भागीरथ कुमार को कानपुर के आशुतोष गुप्ता से 11-8, 4-11, 7-11, 11-8, 11-6 से हार मिली। महिला वर्ग के क्वार्टर फाइनल में भी आगरा की पहल गुप्ता ने गाजियाबाद की अनिका गुप्ता को 4-11, 12-10, 14-12, 13-11 से हराया।
प्रतियोगिता का आयोजन आगरा जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन के तत्वावधान में हो रहा है। इस अवसर पर एनके लहरी, जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन की सचिव डॉ. अलका शर्मा, उपाध्यक्ष सजल गुप्ता, कर्नल राजेश राघव, सविता राघव, जुनैद सलीम, मनोज कुमार और भारत मंगल आदि मौजूद रहे।