आगरा। क्रिकेट में तेज गेंदबाजी को लेकर आगरा के युवा खिलाड़ियों का जुनून अब नतीजों में भी दिखाई देने लगा है। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से दो और तीन जुलाई को आयोजित होने वाले स्पीड हंट ट्रायल से पहले आगरा क्रिकेट एसोसिएशन ने अवंती बाई लोधी मैदान पर स्थानीय तेज गेंदबाजों के लिए विशेष स्पीड ट्रायल का आयोजन किया। ट्रायल में 20 वर्षीय दीपक नरवार सबसे तेज गेंदबाज साबित हुए। उन्होंने 141 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से गेंद फेंककर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा।
उनके अलावा शिवा जादौन ने 140 किमी, हर्षिल वर्मा ने 138 किमी, अभय राणा ने 136 किमी, नीतेश चौधरी और मनीष ने 135-135 किमी तथा चंदू ने 134 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार दर्ज की। कई अन्य युवा गेंदबाजों ने भी अपनी गति और नियंत्रण से प्रभावित किया।
आगरा क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त सचिव सर्वेश भटनागर ने कहा कि आगरा में तेज गेंदबाजों की प्रतिभा उम्मीद से कहीं अधिक दिखाई दी है। यूपीसीए का स्पीड हंट ट्रायल इन खिलाड़ियों के लिए बड़ा अवसर है।
सूरजभान क्रिकेट अकादमी और दीपक नरवार और नीतेश चौधरी के हेड कोच ओम यादव और सहायक कोच रोहित दुबे ने बताया कि तेज गेंदबाजों के लिए अकादमी में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जाता है।
प्रदेश टीम तक पहुंचने का सपना
141 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से गेंदबाजी करने वाले दीपक नरवार ने कहा कि पिछले कई वर्षों से अपनी स्पीड और फिटनेस पर मेहनत कर रहा हूं। स्पीड हंट ट्रायल मेरे लिए बड़ा अवसर है और मैं इसका पूरा लाभ उठाना चाहता हूं।
अभी और मेहनत करनी है
18 वर्षीय नीतेश चौधरी ने कहा कि जब स्पीड गन पर 135 किमी की रफ्तार दिखाई दी तो आत्मविश्वास बढ़ गया। अभी मुझे और मेहनत करनी है। मेरा सपना उत्तर प्रदेश और फिर भारत के लिए खेलना है।
आगरा बन रहा तेज गेंदबाजों की नई नर्सरी
क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि यदि खिलाड़ियों को इसी तरह आधुनिक प्रशिक्षण, फिटनेस सुविधाएं और प्रतिस्पर्धी अवसर मिलते रहे तो आगरा आने वाले वर्षों में उत्तर प्रदेश को कई तेज गेंदबाज दे सकता है। यूपीसीए स्पीड हंट ट्रायल से पहले सामने आए इन आंकड़ों ने यह संकेत जरूर दे दिया है कि शहर में रफ्तार की नई फसल तैयार हो रही है। अब सभी की निगाहें दो और तीन जुलाई को होने वाले यूपीसीए स्पीड हंट ट्रायल पर टिकी हैं, जहां आगरा के युवा पेसर अपनी रफ्तार से प्रदेश स्तर पर पहचान बनाने की कोशिश करेंगे।
दीपक नरवार और कोच ओम यादव