आगरा। आगरा की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने एक बार फिर शहर का गौरव बढ़ाया। इंग्लैंड दौरे पर मौजूद भारतीय महिला क्रिकेट टीम का लंदन स्थित इंडिया हाउस में भारतीय उच्चायोग की ओर से भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल भी मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की।
भारतीय समुदाय ने भी पाकिस्तान के खिलाफ दीप्ति शर्मा के शानदार पांच विकेट के प्रदर्शन की विशेष रूप से प्रशंसा की। समारोह में भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों और बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीयों ने टीम का अभिनंदन किया। खिलाड़ियों ने प्रशंसकों से मुलाकात की, तस्वीरें खिंचवाईं और ऑटोग्राफ दिए। पूरे कार्यक्रम में भारतीय तिरंगे और देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। दीप्ति शर्मा लगातार अपने हरफनमौला प्रदर्शन से भारतीय महिला टीम की सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में शामिल हैं।