रूस की सेना में भर्ती हो था देशराज
गांव रैपुरा भदौरिया में उदयवीर सिंह का परिवार रहता है। उदयवीर के बड़े बेटे इंद्रजीत सिंह के अनुसार, उनका छोटा भाई देशराज सिंह (21) छह मई को रोजगार की तलाश में एक एजेंट के माध्यम से रूस गया था। कुछ समय बाद देशराज ने घर पर सूचना दी कि वह रूस की सेना में भर्ती हो गया है और इससे जुड़ी तस्वीरें भी परिजन से साझा की थीं। शुरुआत में फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से परिवार की देशराज से नियमित बातचीत होती रही। 18 सितंबर के बाद अचानक देशराज से संपर्क पूरी तरह टूट गया। न तो उसका फोन लग रहा है और न ही व्हाट्सएप पर कोई संदेश मिल रहा है। पिछले करीब डेढ़ महीने से उसकी जानकारी न मिलने के कारण परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार को आशंका है कि देशराज को रूस-यूक्रेन युद्ध क्षेत्र (फ्रंटलाइन) में भेज दिया गया है।
पुलिस कमिश्नर को दिया प्रार्थनापत्र, एजेंट पर कार्रवाई की मांग
देशराज के बड़े भाई इंद्रजीत सिंह ने 22 अक्तूबर को पुलिस कमिश्नर आगरा को प्रार्थना पत्र सौंपा। इसमें देशराज को रूस भेजने वाले एजेंट की पहचान कर उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने, एजेंट के मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल (सीडीआर) व टावर लोकेशन खंगालने और विदेश भेजने से जुड़े दस्तावेजों की जांच कराने का अनुरोध किया।
सोशल मीडिया पर छेड़ी मुहिम
चार भाइयों में सबसे छोटे देशराज की सलामती के लिए परेशान परिवार ने अब सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर भारत सरकार, प्रधानमंत्री और विदेश मंत्रालय से हस्तक्षेप कर उसे सुरक्षित भारत वापस लाने की गुहार लगाई है। परिजन का कहना है कि उन्हें केवल अपने बेटे की वर्तमान स्थिति और सलामती की खबर चाहिए।