आगरा शहर से लेकर देहात तक स्कूल-काॅलेज हो या फिर घर, लड़कियां कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं। मनचले पीछा करके परेशान कर रहे हैं तो कहीं रास्ता रोक रहे हैं। मोबाइल पर परेशान करते हैं। घर में घुसकर भी छेड़खानी हो रही है। सबसे ज्यादा बुरी स्थिति लोहामंडी सर्किल की हैं। जगदीशपुरा, शाहगंज और लोहामंडी थाना क्षेत्र में महिलाएं ज्यादा असुरक्षित हैं। यहां से पिछले 6 दिन में 60 लोगों को गिरफ्तार किया गया। नगर जोन में 167 लोग पकड़े गए। वहीं पूर्वी जोन में 74 और पश्चिमी जोन में 91 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
मिशन शक्ति अभियान के पांचवें चरण में पुलिस लगातार अभियान चला रही है। एंटी रोमियो की टीम जगह-जगह जा रही है। लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। इस दाैरान छेड़खानी वाले हाॅटस्पाॅट भी चिह्नित किए जा रहे हैं। पिछले 6 दिन की बात करें तो तीनों जोन में 332 के खिलाफ कार्रवाई की गई। शांतिभंग में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि शुक्रवार को सूचना मिली थी कि बल्केश्वर पार्क के पास एक युवक खड़ा है। वह आती-जाती महिलाओं और बालिकाओं के साथ गलत हरकत कर रहा है। उनको देखकर अश्लील गाने गा रहा था। उस समय एंटी रोमियो की टीम क्षेत्र में थी। तत्काल टीम ने उसे देख लिया। उसके खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकत के मामले में केस दर्ज किया गया। आरोपी नगला ठीपुरी, बल्केश्वर निवासी होशियार सिंह है।
वहीं सदर क्षेत्र में बृहस्पतिवार को 10 साल की बालिका घर के बाहर साइकिल चला रही थी। तभी क्षेत्र का आलोक आ गया। वह बालिका का पीछा करने लगा। एक धर्मशाला के बाहर रास्ता रोक लिया। बालिका पर साथ चलने का दबाव बनाने लगा। यह देखकर बालिका ने शोर मचा दिया। इस पर लोग जुट गए। उन्होंने बालिका को घर भेज दिया। उन्होंने घर पर जानकारी दी। इस पर परिजन ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
हेल्प डेस्क, 1090 पर करें शिकायत
डीसीपी सिटी ने बताया कि शहर में अलग-अलग इलाकों एंटी रोमियो की टीम रहती है। खासताैर पर स्कूल और काॅलेज के पास नजर रखी जाती है। संदिग्धों से पूछताछ करते हैं। छेड़छाड़ की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाती है। थानों में महिला हेल्प डेस्क पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। थाने नहीं आ सकती हैं तो 1090 पर शिकायत कर सकती हैं। 20 सितंबर से अभियान चलाया गया। 26 सितंबर तक 332 के खिलाफ कार्रवाई की गई।
थानावार हुईं गिरफ्तारियां
नगर जोन - 167
न्यू आगरा - 5
हरीपर्वत - 13
सिकंदरा - 15
ताजगंज - 17
सदर - 7
रकाबगंज - 3
कोतवाली - 2
नाई की मंडी - 3
एमएम गेट - 1
मंटोला - 3
लोहामंडी - 20
जगदीशपुरा - 25
शाहगंज - 15
छत्ता - 5
एत्माददाैला - 14
कमला नगर - 4
ट्रांस यमुना - 15