सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा
एडिशनल डीसीपी सिटी मनोज कुमार ने बताया कि 31 अक्तूबर को सदर के सुल्तानपुरा स्थित सचिन ज्वैलर्स के शोरूम में चोरी की वारदात हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने खुलासे के लिए करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान सामने आया कि गिरफ्तार महिला शकीला, जो कि स्व. अब्दुल की पत्नी है, सुल्तानपुरा स्थित दरगाह पर आती-जाती थी। इसी दौरान उसने ज्वैलरी शोरूम की रेकी की और मौका पाकर चोरी को अंजाम दिया। यह पूरी घटना शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई थी।
बहू के इलाज का कर्ज बना वजह
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि महिला की बहू के इलाज में काफी पैसा खर्च हो गया था, जिसके लिए उसने लोगों से उधार ले रखा था। कर्ज के दबाव और उसे चुकाने की मजबूरी में महिला ने चोरी का रास्ता चुन लिया। पुलिस ने उसके पास से सोने की 16 चूड़ियों समेत अन्य स्थानों से चुराए गए भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। थाना सदर बाजार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।