ताजमहल पर गर्म कपड़ों में आए सैलानी
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में बुधवार को दिनभर सूरज बादलों में दुबका रहा। दोपहर में बूंदाबांदी भी हुई। इससे गलन भरी सर्दी ने परेशान कर दिया। न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जिसमें बीते 24 घंटे में चार डिग्री की बढ़ोतरी हुई। बूंदाबांदी के कारण तापमान की वृद्धि के बावजूद सर्दी कम नहीं हो सकी। बुधवार की रात में लगातार रिमझिम बारिश होती रही। गुरुवार सुबह सूरज निकला तो लोगों ने थोड़ी राहत की सांस ली। हालांकि बुधवार सुबह से ही आसमान में बादल छाये रहे। पूर्वाह्न करीब 11 बजे से ही बूंदाबांदी शुरू हुई। दोपहर बाद तक मौसम ऐसा ही बना रहा। कभी बूंदाबांदी तो कभी बादल घिरते रहे। इसका प्रभाव बाजारों में भी देखने को मिला। शाम को दिन छिपते ही लोग अपने घरों की तरफ जाने की जल्दबाजी में रहे। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे भी मौसम ऐसा ही बना रहने के आसार हैं। बादल छाये रहेंगे तो बूंदाबांदी भी होगी।