सोमवार को जम्मू और देहरादून से ज्यादा सर्द आगरा रहा। ताजनगरी में अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया। गलन भरी सर्दी ने पूरे दिन लोगों को परेशान किया।
सर्द हवाएं शूल की तरह से चुभती रहीं। बादलों के लुकाछिपी करने के कारण लोगों को धूप से भी राहत नहीं मिल पाई। प्रदेश में आगरा सबसे सर्द शहरों में पांचवें नंबर पर रहा। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन सुबह कोहरा छाए रहने के आसार जताए हैं।
सोमवार को अधिकतम तापमान 17.2 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से सात डिग्री नीचे है। दरअसल, आम दिनचर्या पर अधिकतम तापमान में गिरावट का ज्यादा असर पड़ता है। दिन भर गलन भरी सर्दी होने के कारण लोग ठिठुरते और कांपते नजर आए।
जगह-जगह अलाव जले तो ऑफिस जाने वाले भी जैकेट, मफलर, ग्लब्स से पूरी तरह से कवर होकर ही निकले। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण पहाड़ों पर भारी बर्फबारी के बाद उत्तर पश्चिमी हवाओं ने आगरा समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शहरों को कंपा दिया।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तापमान 13 डिग्री के आसपास रहा। आगरा सूबे का पांचवा सर्द शहर रहा। जम्मू में आगरा से ज्यादा 17.3 डिग्री और देहरादून में 21.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया।
तीन दिन सुबह छाया रहेगा कोहरा
मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक अगले तीन दिनों में सुबह कोहरा छाए रहने के आसार हैं। दिन भर बादलों की लुकाछिपी के साथ दोपहर में हल्की धूप निकल सकती है, लेकिन गलन भरी हवाएं जारी रहेंगी। न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट संभव है। अधिकतम तापमान भी सामान्य से नीचे बना रहेगा।
प्रदेश में सर्दी का ये रहा हाल
शहर अधिकतम तापमान
मेरठ 13 डिग्री
मुजफ्फरनगर 13.2 डिग्री
अलीगढ़ 14.4 डिग्री
बरेली 15.2 डिग्री
आगरा 17.2 डिग्री
शाहजहांपुर 17.2 डिग्री
झांसी 17.3 डिग्री