आगरा के सीओडी मैदान में चौकीदार सुरेश की ईंट से कूंचकर हत्या के मामले में सदर पुलिस ने आरोपी राजवीर को गिरफ्तार किया। न्यायालय ने उसे जेल भेज दिया है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने नशे में चौकीदार की पत्नी के लिए अपशब्द कहे थे। इस पर चौकीदार ने उसे डांट दिया, जिससे नाराज होकर हत्या कर दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को शनिवार रात पकड़ा था।
सुरेश का शव बृहस्पतिवार रात नगला भवानी सिंह स्थित सीओडी मैदान में मिला था। पुलिस जांच में सामने आया कि बुंदू कटरा निवासी राजवीर सीसीटीवी फुटेज में सुरेश के साथ जाता दिखा था। पुलिस ने राजवीर को शनिवार रात पकड़ा। पूछताछ में राजवीर ने बताया कि वह सुरेश का पुराना परिचित था। सुरेश की पत्नी ने ही उसकी शादी कराई थी।
बृहस्पतिवार रात दोनों शराब पी रहे थे, तभी राजवीर ने सुरेश की पत्नी के बारे में अपशब्द कह दिए। इस बात पर सुरेश ने राजवीर को गालियां दीं और चेतावनी दी। राजवीर ने इस अपमान का बदला लेने की ठान ली। उसने साजिश के तहत सुरेश को अधिक शराब पिलाई और फिर बहाने से सीओडी मैदान ले गया। वहां शराब पीने के दौरान मौका पाकर राजवीर ने ईंट से सुरेश पर हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।