डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय
आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने आठ जनवरी की दोनों पाली की सेमेस्टर परीक्षाएं टाल दी हैं। इस तिथि को उत्तर प्रदेश अध्यापक पात्रता परीक्षा (टीईटी) होनी है। तमाम छात्र-छात्राओं के इस परीक्षा में शामिल होने के कारण यह निर्णय लिया गया है। स्थगित परीक्षाएं 17 जनवरी को पूर्व निर्धारित केंद्रों पर ही कराई जाएंगी।
आठ जनवरी को बीसीए प्रथम व पंचम सेमेस्टर, एमसीएम प्रथम व पंचम सेमेस्टर, एमएससी (सीएस) प्रथम सेमेस्टर, पीजीडीसीए एंड ओएम प्रथम सेमेस्टर, पीजीडीबीएम प्रथम सेमेस्टर, बी.ई.कॉम प्रथम व पंचम सेमेस्टर और बीबीए तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं दोनों पाली में होनी थीं।
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. गिरजाशंकर शर्मा का कहना है कि छात्र हित में परीक्षा स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। इन सभी विषयों की परीक्षाएं पूर्व निर्धारित केंद्र व पालियों में कराई जाएंगी।
बीबीए और बीसीए की परीक्षाएं शुरू
वहीं विश्वविद्यालय की बड़ी सेमेस्टर परीक्षाएं शुक्रवार से शुरू हुईं। इससे पहले आवासीय परिसर स्थित संस्थानों की सेमेस्टर परीक्षाएं चल रही थीं। अब बीबीए और बीसीए पाठ्यक्रमों की परीक्षा में संबद्ध कॉलेजों के छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर रहे हैं। आरबीएस कॉलेज, सेंट जोंस कॉलेज सहित 23 केंद्रों पर 11622 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी।