डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय ने सत्र 2026-27 का शैक्षिक कैलेंडर जारी कर दिया है, जिसके तहत अगस्त से कॉलेजों में नियमित कक्षाएं शुरू होंगी। प्रवेश, कक्षाएं, प्रयोगात्मक परीक्षाएं और सेमेस्टर परीक्षाओं की पूरी समय-सारणी तय कर दी गई है।
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय ने शैक्षिक सत्र 2026-27 का शैक्षिक कैलेंडर जारी कर दिया है। कुलसचिव अजय मिश्रा की ओर से जारी कैलेंडर में नए प्रवेश, कक्षाओं के संचालन, प्रयोगात्मक परीक्षाओं, सेमेस्टर परीक्षाओं, परिणाम और अवकाश तक का पूरा कार्यक्रम तय कर दिया है।
विज्ञापन
कैलेंडर जारी होने से छात्र-छात्राओं और कॉलेज प्रशासन को पूरे सत्र की शैक्षणिक गतिविधियों की रूपरेखा मिल गई है। इसके अनुसार प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश प्रक्रिया 31 जुलाई 2026 तक पूरी कर ली जाएगी। नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए एक सप्ताह का स्टूडेंट इंडक्शन प्रोग्राम एक से चार अगस्त तक आयोजित होगा। इसी दिन से प्रथम सेमेस्टर की नियमित कक्षाएं भी शुरू हो जाएंगी।
प्रथम सेमेस्टर का शिक्षण कार्य 10 नवंबर तक पूरा किया जाएगा, जबकि प्रयोगात्मक परीक्षाएं 20 नवंबर तक होंगी। इसके बाद 21 नवंबर से 20 दिसंबर तक सेमेस्टर परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। शीतकालीन अवकाश 21 दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक रहेगा और छह जनवरी तक परिणाम घोषित करने की समय सीमा तय की गई है।
वहीं तृतीय और पंचम सेमेस्टर की कक्षाएं 21 जुलाई 2026 से प्रारंभ होंगी। इन सेमेस्टरों का शिक्षण कार्य 31 अक्तूबर तक चलेगा। प्रयोगात्मक परीक्षाएं 20 नवंबर तक पूरी कराई जाएंगी और 21 नवंबर से 20 दिसंबर तक परीक्षा की तिथि निर्धारित की गई है। इनका परीक्षा परिणाम 10 जनवरी 2027 तक घोषित किया जाएगा।
15 जून तक सम सेमेस्टर के परिणाम
सम सेमेस्टर यानी द्वितीय, चतुर्थ, षष्ठम एवं अष्टम सेमेस्टर की पढ़ाई पांच जनवरी 2027 से शुरू होगी। शिक्षण कार्य 10 अप्रैल तक पूरा किया जाएगा। प्रयोगात्मक परीक्षाएं 19 अप्रैल तक कराई जाएंगी, जबकि 20 अप्रैल से 20 मई तक परीक्षा की तारीख तय की गई है। सम सेमेस्टर के परिणाम 15 जून 2027 तक घोषित किए जाएंगे। इसके बाद एक जून से 30 जून तक ग्रीष्मावकाश रहेगा। विश्वविद्यालय की ओर से यह भी कहा गया है कि प्रयोगात्मक परीक्षाओं के अंक निर्धारित समय के भीतर पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे। नए शैक्षिक कैलेंडर के जारी होने से कॉलेजों में अब सत्र संचालन और परीक्षाओं को समयबद्ध तरीके से कराने की तैयारी तेज हो गई है।